परीक्षा केंद्रों में केंद्राध्यक्ष भी नहीं रख सकेंगे मोबाइल, पाए जाने पर होगी 10 साल की सजा

भोपाल. मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोड) की 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 05 व 06 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस बार इन परीक्षाओं के दौरान मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्र के अंदर किसी को भी मोबाइल ले जाने की छूट नहीं होगी। यहां तक कि केंद्राध्यक्ष भी अपने पास मोबाइल नहीं रख सकेंगे। यदि किसी के पास मोबाइल पाया गया तो 10 साल की सजा होगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की ओर से 10वीं व 12वीं के प्रश्नपत्र बहुप्रसारित होने से बचाने के लिए इस बार काफी सख्ती बरती जा रही है। केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक सहित किसी भी स्टाफ के पास मोबाइल पाया गया तो परीक्षा अधिनियम 1937 के तहत उसे 10 साल की सजा होगी और मंडल के परीक्षा कार्य से उन्हें डिबार किया जाएगा।
केंद्रों के बाहर लोहे की पेटी रखी जाएगी। इसमें मोबाइल को जमा करना होगा। परीक्षा केंद्रों से माशिमं को सूचना देने या परीक्षा की निगरानी करने के लिए मोबाइल के बदले वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इसमें लैंडलाइन फोन के उपयोग के साथ-साथ पोर्टल तैयार किया गया है, ताकि परीक्षा केंद्रों से सूचनाओं का आदान-प्रदान हो सके। इसमें ईमेल के माध्यम से मंडल की पूरी कंट्रोलिंग होगी। साथ ही आफलाइन प्रक्रिया को बंद कर आनलाइन प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
बता दें, कि 10वीं व 12वीं के 16 विषयों के प्रश्नपत्र पिछले साल मोबाइल के उपयोग से बहुप्रसारित हो गए थे। इस कारण मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। इस साल बोर्ड परीक्षा में करीब 17 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *