श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा – ग्वालियर की अयोध्या (श्रीराम मंदिर) फालका बाजार के लिए जनकपुरी (श्रीसनातन धर्म मंदिर) से 2 बजे निकलेगी रथयात्रा
ग्वालियर, सोमवार, 22 जनवरी को अयोध्या में “श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव” के उपलक्ष्य में देशभर में किए जा रहे विभिन्न आयोजनों की श्रृंखला में ग्वालियर के कारोबारी व आमजन भी बढ़चढ़ कर अपनी भक्ति प्रभु श्रीराम जी के श्रीचरणों में समर्पित करने के लिए आतुर हैं । यह बात आज ‘चेम्बर भवन’ में आयोजित हुई बैठक में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही थी । बैठक का आयोजन चेम्बर द्वारा किया गया था । उक्त बैठक में शहर के व्यवसाईयों सहित उद्योगपति, विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधी शामिल थे ।
बैठक में अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि गत् दिवस आयोजित बैठक में तय हुआ था कि फालका बाजार स्थित श्रीराम मंदिर को ग्वालियर की अयोध्या घोषित किया जाए और इसमें भव्यतम् कार्यक्रम आयोजित किया जाए । चेम्बर के इस प्रस्ताव को श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन द्वारा स्वीकार किया गया । इसी प्रकार श्रीसनातन धर्म मंदिर के पदाधिकारियों ने अपने मंदिर को ग्वालियर शहर की जनकपुरी के रूप में घोषित किया गया है । आपने बताया कि सोमवार, 22 जनवरी को एक रथ यात्रा जनकपुरी (श्रीसनातन धर्म मंदिर) से दोपहर में 02.00 बजे प्रारम्भ होगी और लगभग 06.00 बजे अयोध्या (श्रीराम मंदिर) फालका बाजार पहुँचेगी । इस रथ यात्रा में भगवान श्रीराम जी की प्रतिमाएँ एवं 05 नदियों के जल का कलश भी रहेगा । उक्त रथ यात्रा श्रीसनातन धर्म मंदिर से इन्दरगंज चौराहा, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, ऊँट पुल, पाटनकर बाजार चौराहा, दौलतगंज, जीयाजी चौक (बाड़ा), सराफा बाजार, डीडवाना ओली, गस्त का ताजिया होकर अयोध्या (श्रीराम मंदिर) फालका बाजार पहुँचेगी ।
रथ यात्रा में जनकपुरी (श्रीसनातन धर्म मंदिर) द्वारा भेंट स्वरूप प्रदान किए जाने वाले उपहार भी होंगे । आपने कहाकि उक्त रथ यात्रा को सफल बनाने में सभी संगठनों का भी पूरा सहयोग होना चाहिए, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन सके । इस हेतु जिन-जिन बाजारों से यह रथ यात्रा निकलेगी, वहाँ के सभी दुकानदारों सहित उक्त बाजारों के सगठनों द्वारा पुष्प वर्षा की जानी चाहिए । बाजारों में भव्य रोशनी व सभी भवनों पर दीपक प्रज्जवलित होने के साथ-साथ धवज लगाए जाने चाहिए ।
