ग्वालियर से धौलपुर तक 30 मीटर दृश्यता रहीं, पारा 8.8डिग्री सेल्सियस रहा
ग्वालियर. अंचल में लगातार ठण्डा बना हुआ है। ग्वालियर के अलावा शिवपुरी, दतिया और भिण्ड में तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। सोमवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई ग्वालियर से लेकर चम्बल पुल तक कोहरा छाया हुआ और दृश्यता 10 से 30 मीटर तक रही है। जिस वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। वाहनों की रफ्तार धम सी गयी।
शताब्दी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें घंटों देरी से चली है। कोहरा के कारण आगरा से ग्वालियर की दूरी तय करने में 5 घंटे का समय लग गया। रविवार-सोमवार दरमियानी रात पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। जबकि रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सोमवार की दोपहर 12 बजे हल्की धूप आने से ठंड से जरूर राहत मिली है।

ग्वालियर में नए साल की शुरुआत सीवियर कोल्ड डे के साथ हुई थी। लगातार 9 दिन आसमान में सूर्य नहीं निकलने से दिन का पारा 13 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था, लेकिन अब जब सूर्य दिन में खूब चमक रहा है तो रात का पारा लगातार कम बना हुआ है। बीते रोज 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा था तो आज रात 8.8 डिग्री रहा है। ग्वालियर में नए साल के आगमन के साथ ही सर्दी लोगों की परीक्षा लेती हुई नजर आ रही है। इस बार दिसंबर में उतनी सर्दी नहीं पड़ी थी, लेकिन ठंड ने जनवरी में लोगों को अपना रूप दिखा दिया है। रातभर लोग ठंड से कांपते रहे और सुबह उठे तो पता लगा कि आज सबसे घना कोहरा छाया हुआ है। दिन और रात अलाव के सहारे लोग गुजार रहे हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने ग्वालियर अंचल के मौसम के बारे में चेतावनी दी है कि 48 घंटे तो अच्छी ठंड पड़ेगी, लेकिन 16-17 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। जिस कारण आसमान में बादल छाएंगे तो तापमान में गिरावट के साथ सर्दी कुछ कम रहेगी। पर इसके बाद फिर सर्दी का एक दौर शुरू होगा।
