MP में लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, संघ ने नियुक्त किए प्रभारी
भोपाल. मप्र के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद भाजपा और संघ अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने संगठनात्मक दृष्टि से सभी 29 सीटों पर लोकसभा प्रभारी नियुक्त किए हैं। महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के संघ प्रचारकों को लोकसभा की जिम्मेदारी दी गई है। वे शहर से लेकर गांव तक दौरा कर रहे हैं और फीडबैक जुटा रहे हैं। उधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हारी हुई सीटों पर दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बुधवार को छिंदवाड़ा जिले से इसकी शुरुआत की। प्रदेश में यही एकमात्र लोकसभा क्षेत्र ऐसा है, जहां पिछले चुनाव में कांग्रेस जीती थी।
यहां की सातों विधानसभा सीटें दो चुनावों से कांग्रेस जीतती आ रही है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को श्योपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, जबकि शुक्रवार को वे राघौगढ़ पहुंचे और कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनका हौसला बढ़ाया। बता दें कि गुना संसदीय क्षेत्र में आने वाले इस विधानसभा क्षेत्र से पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह यहां से लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राघौगढ़ में रोड शो भी किया और कमल नाथ व दिग्विजय सिंह पर तंज कसते कहा कि आपको ईवीएम ने नहीं, अहंकार ने हराया है। मैं मिशन 29 के लिए निकला हूं।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को मध्य प्रदेश में 29 में से 29 सीटों पर जीत दिलाकर नरेन्द्र मोदी के गले में 29 कमल की माला डालनी है। लोकसभा चुनाव में फिर भाजपा को रिकार्ड मतों से विजयी बनाना है और फिर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चमत्कार हो रहा है। लाड़ली लक्ष्मी से शुरू सफर में अब लखपति बहना हमारा संकल्प है।
