ट्रेनों में बढ़ी भीड़, जनरल में तब्दील हो गए स्लीपर कोच

ग्वालियर. स्टेशन पर दीपावाली को लेकर दिल्ली, मुंबई, पंजाब, कोलकाता एवं बैंगलुरु सहित देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गई है। स्लीपर बोगी में जहां यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल रही है, वहीं सामान्य बोगियों में तो पांव रखने तक की जगह नहीं है। स्लीपर कोच भी एक तरह से जनरल डिब्बों में तब्दील हो गए हैं। नियमित रूप से भोपाल से आने वाली पंजाब मेल, मंगला एक्सप्रेस, श्रीधाम एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ में यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ी हुई है।
यात्रियों की भीड़ सबसे ज्यादा दिल्ली और भोपाल की ट्रेनों में है। इन रूटों पर चलने वाली ट्रेनें यहां से फुल होकर जा रही हैं और आने वाली ट्रेनों में भी काफी भीड़ है। स्लीपर क्लास में तो लोग अपनी बर्थ पर बैठने में ही संघर्ष कर रहे हैं, क्योंकि वेटिंग टिकट वाले यात्री भी इन बर्थों पर कब्जा जमा लेते हैं। जिनको कंफर्म सीट नहीं मिल सकी है, वह गेट के आसपास सफर करने को मजबूर है। टिकट चेकिंग की बात करें तो भीड़ को देखते हुए काफी हिम्मत कर टीटीई अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। त्यौहारी सीजन में रेलवे हर बार ट्रेनों में कोच बढ़ाने का दावा करता है, लेकिन दीपावली के दौरान गाड़ियों में मौजूद भीड़ के सामने यह अपर्याप्त है। इस वक्त अधिकतर ट्रेनों में 150 तक वेटिंग चल रही है, जिसके चलते यात्रियों को टिकट के लिए जूझना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक दो, तीन व चार पर नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। ताज एक्सप्रेस के आते ही यात्री कोच में कब्जा जमाने के लिए धक्का-मुक्की करने लगते हैं। ऐसे में आरपीएफ के जवानों को आकर मोर्चा संभालना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *