प्रचार के दौरान भाजपा नेता पर हमला, कार्यकर्ताओं ने किया थाने का घेराव
रायपुर. भाजपा के वरिष्ठ नेता और रायपुर दक्षिण से प्रत्याशी से प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल पर प्रचार के दौरान गुरूवार देर शाम को हमला कर दिया गया। बृजमोहन बैजनाथ पारा में प्रचार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनसे धक्का-मुक्की की गई। इसकी जानकारी मिलने पर बडी संख्या में उनके समर्थक कोतवाली थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने का घेराव कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन चलता रहा। समर्थकों का आरोप है कि बृजमोहन अग्रवाल मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड में प्रचार कर रहे थे। एवरग्रीन चौक के पास कुछ लोग बृजमोहन के पास आए और उन्हें कहा कि इस वार्ड में घुसने क हिम्मत कैसे हुई और उनके साथ धक्का-मुक्की की फिर फरार हो गए, इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
महापौर पर हत्या करवाने का आरोप
बृजमोहन अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ सीधे कोतवाली थाना पहुंचे। वहीं उन्होंने कहा कि महापौर एजाज ढेबर उनकी हत्या करवाना चाहते थे। किसी कदर वहां से निकले। अग्रवाल ने बताया कि जनसंपर्क अभियान के लिए स्वामी विवेकानंद वार्ड और बैजनाथ पारा वार्ड में निकले थे। जैसे ही ब्रिस्टल चौक पर पहुंचे कुछ लोगों ने हमला करने की कोशिश की। पीएसओ तुरंत मुझे पकड कर ले गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ झूमा झटकी हुई। उन्होंने कांग्रेस सरकार और पुलिस के संरक्षण में गुंडागर्दी का आरोप लगाया।
