MP में जांच के बाद 916 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र अमान्य
भोपाल. मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर कुल 3832 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए थे। मंगलवार को इनकी जांच में 916 प्रत्याशियों के नामांकन अमान्य पाए गए। 2914 नामांकन पत्र ही विधि मान्य माने गए है। जिन नामांकन पत्रों को अमान्य किया गया है उनमें कोई न कोई कमियां पाई गईं। वहीं विधि मान्य पाए गए कुछ नामांकन पत्रों को लेकर शिकायतें हुई है जिनकी जांच करके उनका निराकरण बुधवार को किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का कहना है कि शपथ पत्र में दी गई जानकारियों को लेकर कुछ आपत्तियां आई थीं।
संबंधित प्रत्याशियों को जवाब देने के लिए समय दिया गया है। अंतिम निर्णय आज होगा। 2 नवंबर तक नाम वापस लिए जाएंगे। इसके बाद प्रत्याशियों को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी। इंदौर में 6 नामांकन फार्म को निरस्त किया गया। संवीक्षा के बाद जिले के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में 102 नामांकन सही पाए गए है। नामांकन के लिए इस बार प्रत्याशियों को 6 दिन गए थे। अलग-अलग तिथियों में सभी दलों के प्रत्याशियों ने अपनी विधानसभा सीटों के लिए रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
