PM मोदी बोले ग्वालियर में ये धरती साहस, स्वाभिमान, सैन्य गौरव, संगीत का प्रतीक
ग्वालियर. ग्वालियर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये डबल इंजन की सरकार का परिणाम है। आज मध्यप्रदेश के लोगों का भरोसा डबल इंजन वाली सरकार पर है। बीते सालों में हमारी सरकार मध्यप्रदेश को बीमारू राज्यों से देश के टॉप टेन राज्यों में ले आई है। यहां से हमारा लक्ष्य एमपी को देश के टॉप तीन राज्यों में ले जाने का है। आपका एक वोट मध्यप्रदेश को टॉप थ्री में पहुंचाएगा। इससे पहले पीएम मोदी रोड शो के रूप में मंच तक पहुंचे। वे खुली जीप में सवार हुए। उनके साथ सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के अपडेट्स
– हमने देखा है कि पहले अनेक सरकारें आई गई। हमारी बहनों को लोकसभा-विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण के झूठे वादे करके वोट मांगे गए। लेकिन संसद में साजिश करके कानून बनाने से रोका गया। लेकिन मोदी ने बहनों को गारंटी थी। और मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी। आज नारी शक्ति वंदन अधिनियम सच्चाई बन चुका है।
– मोदी ने अपनी गारंटी पूरी की है। मैं एक गारंटी बहनों से भी चाहता हूं। मुझे गारंटी चाहिए कि घर मिलने के बाद अपने बच्चों को अच्छे से पढ़ाना है। कोई ना कोई कौशल सिखाना है। नारी सशक्तिकरण वोट बैंक के लिए नहीं, राष्ट्र की सशक्तिकरण का एक मिशन है।
– आज गरीबों के लिए जो घर बन रहे हैं। उनमें उज्जवला गैस और नल से जल भी पहुंच रहा है। पीएम आवास योजना के घरों की रजिस्ट्री बहनों के नाम भी होती है। इस योजना से बहनें लखपति बन रही हैं।
– मोदी ने कहा कि एमपी का विकास वो लोग नहीं कर सकते, जिनके पास नई सोच नहीं है। ना ही विकास का रोड मैप है। इनका सिर्फ एक ही काम है। देश से नफरत, भारत की योजनाओं से नफरत। अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते है।
– आज पूरी दुनिया भारत का गौरवगान कर रही है। दुनिया में भारत का डंका बज रहा है कि नहीं। आज दुनिया को भारत में अपना भविष्य दिखता है। लेकिन जो लोग जिन्हें कुर्सी के सिवाय कुछ नहीं दिखता। उन्हें भारत का विकास अच्छा नहीं लग रहा है।
– मोदी ने गारंटी दी है कि भारत टॉप थ्री इकॉनोमी में होगा। इससे भी सत्ता के भूखे कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। विकास विरोधी लोगों को देश ने छह दशक दिए थे। 60 साल कम समय नहीं होता है। जब 9 साल में इतना काम हो सकता है। तो तब क्यों नहीं हुआ। उनके पास भी मौका था।
– वे गरीबों की भावनाओं से खेलते थे, आज भी खेलते है। वो तब भी जात -पात के नाम पर लोगों को बांटते थे आज भी यही पाप कर रहे है। वे तब भी भ्रष्टाचार में डूबे रहते थे। आज भी यही कर रहे है।
ग्वालियर साहस, स्वाभिमान, सैन्य गौरव, संगीत, स्वाद का प्रतीक
ग्वालियर की इस ऐतिहासिक धरती को मेरा शत शत नमन। ये धरती साहस, स्वाभिमान, सैन्य गौरव, संगीत, स्वाद और सरसों का प्रतीक है। ग्वालियर ने देश के लिए एक से एक क्रांतिवीर दिए। राष्ट्र रक्षा के लिए, हमारी सेना के लिए अपनी वीर संतानें दी है। ग्वालियर ने भाजपा की नीति और नेतृत्व को भी आकार दिया है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे, अटल बिहारी वायपेयी को ग्वालियर की मिट्टी ने गड़ा है। इस मिट्टी से जो भी देशभक्त निकला उसने खुद को राष्ट्र के लिए खपा दिया।
