ग्वालियर में PM के कार्यक्रम में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक व्यवस्था
ग्वालियर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी दो अक्टूबर को मेला मैदान में होने जा रहे कार्यक्रम में जिले की अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम में आने वाले सभी वीआइपी के प्रोटोकाल के लिए जिले के सभी विभागों से 65 अधिकारियों को लाइजनिंग की जिम्मेदारी दी गई है। ये अधिकारी प्रत्येक वीआइपी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से लेकर उनके ठहरने और अन्य सुविधाओं के प्रबंध की जिम्मेदारी संभालेंगे। कार्यक्रम में मंच पर 25 वीआइपी के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान प्रधानमंत्री लगभग डेढ़ घंटे शहर में रहेंगे। संभागायुक्त और एडीजी ने किया निरीक्षण प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों की शनिवार को संभागायुक्त दीपक सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर समीक्षा की। इस अवसर पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल एवं भोपाल से आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि आयोजन गरिमामय ढंग से हो, साथ ही पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था भी की जाए। व्यवस्थाएं ऐसी हों, जिससे ग्वालियर व चंबल संभाग के विभिन्न जिलों से आ रहे हितग्राही व नागरिक सुविधाजनक तरीके से निर्धारित सेक्टर तक पहुंच सकें। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एयरफोर्स स्टेशन, भाऊ साहब पोतनीस मैदान में बनाए गए हैलीपेड और मेला मैदान व शहर के मार्गों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सुरक्षा के मद्देनजर मेले के आसपास की कालोनियों में विशेष निगरानी रखें।
फोर्स पहुंचा ग्वालियर, फाइनल रिहर्सल आज
पुलिस मुख्यालय और प्रदेश के अलग-अलग जिलों से प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए आया फोर्स ग्वालियर पहुंच गया। शनिवार को जवानों ने आमद दी। इसके बाद जिसकी जहां ड्यूटी थी, वह ड्यूटी चार्ट बनाकर इन्हें दे दिया गया। शनिवार को रिहर्सल की गई। रविवार सुबह पहली रिहर्सल होगी। इसके बाद दोपहर में रियल टाइम रिहर्सल होगी। फाइनल रिहर्सल दोपहर करीब 2.30 बजे होगी।
