ग्वालियर में गुर्जर महापंचायत के बहाने उपद्रव कराने वाले सरगना रामप्रीत गुर्जर के खाते में मुंबई से 10 लाख
ग्वालियर. शहर में गुर्जर महापंचायत के बहाने उपद्रव कराने वाले सरगना रामप्रीत गुर्जर के खाते में मुंबई से करीब 10 लाख रुपये आए हैं। यह पैसा उपद्रव से करीब एक सप्ताह पहले आया है। पैसा जिस बैंक खाते से आया है, उसका लिंक हरियाणा से है। इससे यह स्पष्ट है- इस उपद्रव के लिए बाकायदा फंडिंग हुई है। अभी पुलिस को अन्य आरोपितों के बैंक खातों की जानकारी नहीं मिली है। अब एक टीम इसकी ही पड़ताल में लगाई गई है। रामप्रीत के खाते से इस उपद्रव में नामजद कुछ अन्य आरोपितों के खाते में पैसे गए, अब इसकी पूरी चेन पुलिस तैयार कर रही है।
गुर्जर महापंचायत के बहाने शहर में उपद्रवी जुटे, इसके बाद शहर की सड़कों पर जमकर उपद्रव किया। सड़कों पर बेरीकेड में गाड़ियों से टक्कर मारी। इतना ही नहीं सड़क पर डिवाइडर की रेलिंग भी तोड़ी, फिर कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर उपद्रव किया। यहां कलेक्ट्रेट के अंदर घुसकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन की तोड़फोड़ की। इस मामले में अब तक आठ एफआइआर दर्ज हो चुकी हैं। अब तक की पड़ताल में इस उपद्रव के षड़यंत्रकारियों में रामप्रीत गुर्जर, रूपेश सिंह यादव, गौरव कांदिल, गिर्राज गुर्जर, लोकेंद्र गुर्जर का नाम सामने आया है। पुलिस को इस उपद्रव के पीछे फंडिंग की कहानी भी पता लगी थी। इसकी पड़ताल के लिए टीम लगाई गई। अब तक की पड़ताल में सरगना रामप्रीत गुर्जर के खाते में मुंबई के एक खाते से 10 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन मिला है। यह ट्रांजेक्शन उपद्रव के करीब एक सप्ताह पहले हुआ। फिर यह पैसा अलग-अलग खातों में गया। यह उन लोगों के खाते में गया, जो उपद्रव में शामिल रहे। अब पुलिस अन्य आरोपितों के खाते और संपत्तियों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस जल्द ही जांच पड़ताल कर इसके पीछे कहानी रचने वालों को पकड़ेगी।
मालनपुर का पार्षद गिरफ्तार
इस उपद्रव में शामिल अन्य आरोपितों की भी धरपकड़ जारी है। सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि दो और आरोपित पकड़े गए हैं। मालनपुर का पार्षद अनिल गुर्जर इस उपद्रव में शामिल था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर यहां उपद्रव किया। वीडियो में वह नजर आया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं यूनिवर्सिटी पुलिस ने उपद्रव करने वाले जसवीर गुर्जर को गिरफ्तार किया है। इन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। यहां से इन्हें जेल भेज दिया गया।
