निवेश करने वालों के लिए खुशखबरी, RD के ब्याज में बढ़ोतरी
नई दिल्ली. छोटी बचत योजनाओं में निवेश करने वालों के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने त्योहारी सीजन से पहले बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने पांच साल के आवर्ती जमा पर ब्याज दर बढ़ा दी है। नई दरें 1 अक्टूबर, 2023 से साल के अंत तक लागू रहेंगी। अन्य स्मॉल सेविंग्स स्कीम में पहले की तरह ब्याज मिलेता रहेगा।
5 साल के आरडी पर 6.7 फीसदी ब्याज
केंद्र ने सभी छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज नहीं बढ़ाया है। 5 साल के Recurring Deposit की ब्याज दरों में बदलाव किया गया है। पहले 6.5 फीसदी ब्याज मिलता था। अब 1 अक्टूबर से निवेश पर 6.7 फीसदी ब्याज मिलेगा। इसमें 20 बेसिस अंक की वृद्धि की गई है।
पीपीएफ की ब्याज दर में नहीं हुआ बदलाव
पब्लिक प्रोविडेंट फंड की ब्याज दरों में बदलाव की संभावना थी, लेकिन सरकार ने निवेशकों को निराश किया। PPF की ब्याज दर को स्थिर रखा गया। वहीं, सुकन्या समृद्धि योजना और किसान विकास पत्र योजना के ब्याज में बदलाव नहीं किया गया।
किस योजना में कितना ब्याज
वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, बचत खाते पर 4.0 फीसदी ब्याज मिल रहा है। पिछली तिमाही में यही ब्याज था। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में इसमें बदलाव नहीं किया गया।
हर तिमाही सरकार तय करती है ब्याज दर
वित्त मंत्रालय हर तीन महीने में स्मॉल सेविंग्स योजनाओं के ब्याज की समीक्षा करता है। इसके बाद ब्याज को रिवाइज किया जाता है। पिछली तिमाही में सरकार ने सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम, नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट, सुकन्या समृद्धि योजना और डाकघर मंथली इनकम योजना की ब्याज दरों में वृद्धि की है। हालांकि 1 अप्रैल 2020 से पीपीएफ की दरों में बदलाव नहीं हुआ है।
