सिंधिया को भी चुनाव लड़वा सकती है भाजपा

भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भले गुजरात का फार्मूला लागू न किया जा सके, लेकिन भारतीय जनता पार्टी कई मंत्रियों-विधायकों के टिकट काटने पर विचार कर रही है। दरअसल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कैबिनेट के कई मंत्री ऐसे हैं, जिनके क्षेत्र में उनका भारी विरोध है। पार्टी के सर्वे में भी वे अच्छी स्थिति में नहीं हैं। पार्टी उन मंत्रियों की जगह नए चेहरे उतारने पर विचार कर रही है।

कांग्रेस से भाजपा में आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्री सुरेश धाकड़, ओपीएस भदौरिया के अलावा रामखेलावन पटेल, बृजेंद्र प्रताप सिंह, प्रेम सिंह पटेल, बृजेंद्र सिंह यादव जैसे मंत्रियों के क्षेत्र में भी नए चेहरे उतारे जा सकते हैं। शिवपुरी से मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की जगह ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव लड़ाने पर भी पार्टी विचार कर रही है। पार्टी यशोधरा राजे को 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ा सकता है। अगर समीकरण नहीं जमे तो ज्योतिरादित्य को भी लोकसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है। वे वर्तमान में राज्य सभा सदस्य हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार भाजपा अक्टूबर के पहले सप्ताह में अधिकतर सीटों पर प्रत्याशियों का फैसला कर सकती है। इसी पर चर्चा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक अक्टूबर को भोपाल आ रहे हैं। वे वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रत्याशी चयन पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *