सिंधिया और नरेंद्र सिंह को गढ़ लौटाने की जिम्मेदारी
ग्वालियर. विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करके भाजपा ने ग्वालियर-चंबल अंचल में एक छिपा संदेश दिया है। यह संदेश अंचल की राजनीति में भाजपा के दोनों सत्ता केंद्रों (केंद्रीय मंत्री द्वय नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया) के लिए है।
पार्टी की स्थिति 2013 से बेहतर करनी जरूरी
संदेश स्पष्ट है कि अंचल में पार्टी की स्थिति 2013 से बेहतर करनी होगी। इसके लिए टिकट चयन से लेकर हर मामले में उनकी बात मानी जा रही है।
तोमर को दिमनी से टिकट दिया
यही वजह है कि पार्टी ने न सिर्फ मुरैना की दिमनी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर को मैदान उतारा बल्कि श्योपुर से पिछला चुनाव हारने वाले दुर्गालाल लाल विजय और सबलगढ़ से कार्यकर्ताओं के लाख विरोध के बाद भी सरला रावत को पहली ही सूची में टिकट दे दिया।
सिंधिया को भी उतार सकती है पार्टी
इसी तरह पार्टी ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी ग्वालियर शहर की किसी एक सीट (ग्वालियर पूर्व संभावित) से विधानसभा चुनाव लड़ा सकती है। दूसरी सूची में पार्टी ने भितरवार में जयभान सिंह पवैया, अनूप मिश्रा जैसे दिग्गजों को दरकिनार कर सिंधिया के साथ भाजपा में आए मोहन सिंह राठौड़ और डबरा से इमरती देवी सुमन को टिकट दिया है। पार्टी भली भांति जानती है ग्वालियर-चंबल में सत्ता के दो केंद्र हैं। वह दोनों को एक करने में अपनी ऊर्जा खर्च करने की बजाय दोनों को इस अंचल में गढ़ लौटाने की जिम्मेदारी देना चाहती है।
