भारत बोला अवैध कब्जे वाले इलाके खाली करे पाकिस्तान

न्यूयॉर्क. पाकिस्तान के केयरटेकर प्रधानमंत्री अनवर-उल-हक काकर ने UN जनरल असेंबली में एक बार फिर से कश्मीर का मुद्दा उठाया है। इसके बाद UNSC में भारत ने पाकिस्तान पर मंच का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। UN में भारत की फर्स्ट सेक्रेटरी पेटल गहलोत ने कहा कि पाकिस्तान को इस मंच का दुरुपयोग करने की आदत हो गई है। वो इसका इस्तेमाल लगातार भारत को लेकर बेतुके और गलत प्रचार करने के लिए करता है। वो अपने देश के मसलों से ध्यान भटकाने के लिए बार-बार कश्मीर का मुद्दा उठाता है।
पाकिस्तान उन इलाकों को खाली करे जिस पर उसने अवैध कब्जा कर रखा है
पेटल ने राइट टु रिप्लाई के तहत पाकिस्तान को जवाब दिया। PoK का नाम लिए बिना कहा, ‘सबसे पहले तो पाकिस्तान उन इलाकों को खाली करे, जिस पर उसने अवैध कब्जा कर रखा है। साथ ही उसे 26/11 मुंबई हमलों के दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। पेटल ने कहा, ‘पाकिस्तान आतंकवाद पर भी कार्रवाई करे और सीमा पर आतंकवाद को शह देना बंद करे। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के मानवाधिकार उल्लंघन पर रोक लगाई जाए। दुनिया के सबसे खराब मानवाधिकार रिकॉर्ड वाला देश पाकिस्तान है।
पाकिस्तान बोला- हम अपने पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण रिश्ते चाहते हैं
इससे पहले पाकिस्तान ने UNGA के 78वें सेशन में एक बार फिर से कश्मीर का जिक्र किया। काकर ने कहा- हम अपने सभी पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण रिश्ते चाहते हैं। कश्मीर भारत के साथ बेहतर रिश्तों की कुंजी है और विकास के लिए शांति बहुत जरूरी है। पाकिस्तान ने आगे कहा भारत ने UNSC के रिजोल्यूशन का भी पालन नहीं किया है, जिसके तहत जम्मू-कश्मीर में UN की निगरानी में जनमत संग्रह करवाकर अंतिम फैसला लिए जाने की बात है। अगस्त 2019 से भारत ने अवैध रूप से कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में करीब 9 लाख सैनिकों की तैनाती की है, जिससे वो अपना फैसला कश्मीर पर थोप सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *