LatestNewsराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

ग्वालियर पीएचई घोटाले में जांच में बढ़ाए जा रहे 74 अन्य अधिकारियों और खातेदारों के नाम

ग्वालियर. पीएचई घोटाले में मुख्य आरोपी हीरालाल आर्य और उसके रिश्तेदार राहुल आर्य के अलावा 74 अन्य अधिकारियों और खातेदारों के नाम बढ़ाए जा रहे हैं। यह कवायद ट्रेजरी द्वारा दी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा की जा रही है, लेकिन इस पूरे मामले में ट्रेजरी स्टाफ द्वारा स्वयं को पाक-साफ बताना संदेह को जन्म दे रहा है। जांच में यह सामने आ चुका है कि बिना किसी मद और बिलों पर अधिकारियों के हस्ताक्षर के भुगतान किए गए हैं। ऐसे में ट्रेजरी के स्टाफ ने इसे क्यों नहीं देखा।
पीएचइ में ही करोड़ों रुपए का घोटाला सामने आ चुका
ट्रेजरी अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम में हस्ताक्षर की जरूरत नहीं होती है। नियम के मुताबिक किसी भी देयक को जांचने की जिम्मेदारी ट्रेजरी स्टाफ की होती है। एक ही कर्मचारी के नाम पर जब खाते बदले गए, तो ट्रेजरी ने इसे चैक क्यों नहीं किया। ऐसे में पीएचई के मुख्य अभियंता ने संभागीय आयुक्त से मांग की है कि ट्रेजरी की भूमिका की भी जांच कराई जाए। जिले में सिर्फ पीएचइ में ही करोड़ों रुपए का घोटाला सामने आ चुका है, जबकि जिले में सभी विभागों के 202 डीडीओ पदस्थ हैं।
कर्मचारियों के वेतन के खातों के नंबर बदलकर दूसरे खातों में राशि ट्रांसफर की
संभव है कि अन्य विभागों में भी इस तरह की गड़बड़ियां की गई हों। इस पूरे मामले में मास्टर माइंड हीरालाल आर्य ने कर्मचारियों के वेतन के खातों के नंबर बदलकर दूसरे खातों में राशि ट्रांसफर की है। पहली जांच रिपोर्ट में जहां 16.42 करोड़ रुपए का घोटाला था, जो हालिया विभागीय रिपोर्ट में इसे 33 करोड़ 80 लाख रुपए का बताया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि यह आंकड़ा बढ़कर 50 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है। चूंकि मध्यप्रदेश के कई जिलों में इस तरह के मामले सामने आए हैं और कई जगह ट्रेजरी के कर्मचारियों की संलिप्तता भी पाई गई है, ऐसे में संभावना है कि यहां भी ट्रेजरी की भूमिका की जांच हो सकती है।
खातों के एंगल पर दी क्लीन चिट
इस मामले में ट्रेजरी के अधिकारियों का कहना है कि हमारे किसी भी कर्मचारी के खाते में कोई राशि ट्रांसफर नहीं हुई है। ऐसे में ट्रेजरी का इससे कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन कई भुगतान ऐसे भी हुए हैं, जिनमें बिल सबमिट होने के आधा घंटे के अंदर ही पैसा ट्रांसफर कर दिया गया है। ऐसे में भले ही खातों में कोई लेन-देन नहीं हुआ, लेकिन नगद लेन-देन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसका कारण यह है कि हीरालाल ने भी रिश्तेदारों के खातों में पैसा भेजकर उनसे नगद राशि ली थी। यह पुलिस की पूछताछ में भी सामने आ चुका है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *