Newsमप्र छत्तीसगढ़

ओलावृष्टि से प्रभावित 8 गाँवों के 1711 किसानों के खाते में राहत राशि 20 फरवरी को डाली जायेगी 

कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित न रहे – प्रभारी मंत्री
ग्वालियर – चीनौर तहसील में गत दिनों हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के खाते में 20 फरवरी तक राहत राशि पहुँचाई जायेगी। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को जिले में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की राहत राशि वितरण के संबंध में समीक्षा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कोई भी ओलावृष्टि से प्रभावित किसान राहत राशि से वंचित नहीं रहना चाहिए।
प्रभावित सभी गाँवों में सर्वे के उपरांत प्रभावितों की सूची पंचायत कार्यालय पर भी चस्पा की जाए ताकि कोई भी प्रभावित वंचित न रह सके। इसके साथ ही सभी प्रभावितों के एकाउण्ट नम्बर भी प्राप्त करें, ताकि राहत राशि प्रभावित के खाते में पहुँच सके। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को समय पर राहत राशि देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के उपरांत भी अगर कोई प्रभावित रह गया हो तो उसे भी शामिल किया जाए।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि ग्वालियर जिले की चीनौर तहसील में 3 फरवरी 2026 को असमायिक हुई ओलावृष्टि से 8 ग्राम प्रभावित हुए हैं। जिनमें प्रारंभिक सर्वे के अनुसार 1711 किसानों का कुल रकबा 1117.022 हैक्टेयर प्रभावित हुआ है। प्रभावित किसानों की सूची सर्वेक्षण के उपरांत ग्राम पंचायत में दावा-आपत्ति के लिये चस्पा कर दी गई है। 17 फरवरी तक किसान दावा – आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रभावित किसानों के बैंक खाता नम्बर एकत्रित किए जाकर राहत राशि वितरण हेतु क्षति पत्रक तैयार किया जा रहा है।
चीनौर तहसील के 8 गाँवों के कुल 1711 किसानों के खातों में 2 करोड़ 63 लाख 24 हजार 079 रुपए की राशि राहत के रूप में वितरित की जाना है। चीनौर जिले के जो गाँव ओलावृष्टि से प्रभावित हुए हैं उनमें चीनौर, बड़कीसराय, सिकरौदा, खुर्दपार, भौरी, चकशंकरपुर, जुझारपुर व कछौआ शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *