ग्वालियर में 66 शिक्षाकर्मियों के दिव्यांग सर्टिफिकेट निकले फर्जी, अब होगी कानूनी कार्रवाई
ग्वालियर. शिक्षक पात्रता परीक्षा में ग्वालियर जिले से फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट बनवाकर लगाने और नौकरी पाने वाले 66 शिक्षाकर्मियों के ऊपर अब कानूनी कार्रवाई होगी। यह मामला ठीक वैसा ही है जैसा हाल ही में मुरैना जिले में हुआ था। मुरैना में भी फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट बनवाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में नौकरी करने वाले लगभग 77 शिक्षाकर्मियों का भांडा फोड़ हुआ और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने और बर्खास्त किए जाने की कार्रवाई की गई।
हाल ही में भोपाल से जारी हुई एक सूची में 66 लोगों का दिव्यांग सर्टिफिकेट ग्वालियर जिले से बना होना पाया गया था। जब इसकी जांच यहां सर्जन ने की तो उनका सर्टिफिकेट फर्जी मिला। जिसकी रिपोर्ट भी भोपाल भेज दी गई है। अब इसमें कानूनी कार्रवाई होगी। बता दें कि इस मामले में मुरैना जिले में दिव्यांग शिक्षा कर्मियों का दोबारा मेडिकल परीक्षण किया जाना तय हुआ। लेकिन इस आदेश के जारी होने के बाद गड़बड़ी कर नौकरी पाने वालों में हड़कंप मच गया। कुछ शिक्षकों को बर्खास्त किया गया था तो कई शिक्षकों ने स्वेच्छा से अपना इस्तीफा दे दिया था।
