बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ देकर देश का भविष्य संवार रही है सरकार – प्रद्युम्न सिंह तोमर
जिला स्तरीय स्कूटी वितरण समारोह में 103 स्कूटी वितरित
ग्वालियर -पढ़ाई के लिये अनुकूल अवसर और बेहतर सुविधायें मुहैया कराकर प्रदेश सरकार देश के भविष्य को संवार रही है। सरकार ने प्रतिष्ठित निजी स्कूलों की तर्ज पर सर्वसुविधायुक्त सीएम राईज स्कूल खोले हैं। साथ ही लेपटॉप से लेकर साइकिल व स्कूटी तक विद्यार्थियों को उपलब्ध करा रही है। इस आशय के विचार ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने व्यक्त किए। चार शहर का नाका क्षेत्र में पीएचई कॉलोनी स्थित नौमहला हाईस्कूल में आयोजित हुए जिला स्तरीय “स्कूटी वितरण” समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में शहडोल में आयोजित हुए राज्य स्तरीय “स्कूटी वितरण समारोह” का सीधा प्रसारण भी इस अवसर पर हुआ। जिसे स्कूटी लेने आए सभी विद्यार्थियों व कार्यक्रम में मौजूद अन्य बच्चों एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी एलईडी स्क्रीन पर देखा।
अपने-अपने स्कूलों में माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हायर सेकेण्ड्री (12वीं कक्षा) में प्रथम स्थान पर रहे ग्वालियर जिले के 103 विद्यार्थियों को जिला स्तरीय समारोह में ऊर्जा मंत्री श्री तोमर, सांसद श्री शेजवलकर व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव सहित अन्य अतिथियों ने दो – दो हेलमेट सहित स्कूटी की चाबियाँ सौंपी। साथ ही विद्यार्थियों को बधाई एवं सुखद भविष्य के लिये शुभकामनाएँ दीं।
62 ई-स्कूटी और 41 पेट्रोल चलित स्कूटी मिली हैं बच्चों को
ग्वालियर जिले के 103 विद्यार्थियों को जो स्कूटियाँ प्रदान की गई हैं उनमें 62 ई-स्कूटी व 41 पेट्रोल चलित स्कूटी शामिल हैं। स्कूटी प्राप्त करने वाले टॉपर्स विद्यार्थियों में 51 बालिकायें व 52 बालक शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों ने अपनी पसंद की स्कूटी खरीदी हैं। किसी ने ई-स्कूटी तो किसी ने पेट्रोल चलित स्कूटी पसंद की है। इनमें से प्रत्येक विद्यार्थी को प्रदेश सरकार ने एक लाख 20 हजार रूपए की धनराशि स्कूटी के लिये उपलब्ध कराई है।

