अमित शाह का आधी रात तक चुनावी रणनीति पर मंथन, 50 नए चेहरों को चुनाव में मौका मिल सकता है
भोपाल. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रोडमैप लगभग तय कर दिया है। इसी के तहत पार्टी प्रदेश में चार जगहों से विजय संकल्प यात्रा निकालने जा रही है। मुख्य यात्रा सितंबर महीने में उज्जैन से निकाली जाएगी। अभी इसकी तारीख तय नहीं हुई है। उज्जैन के अलावा ग्वालियर, चित्रकूट और जबलपुर से भी ये यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं में से किसी भी एक स्थान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। अमित शाह ने बुधवार आधी रात तक चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी के सीनियर लीडर्स के साथ मंथन किया। भोपाल स्थित बीजेपी दफ्तर में हुई इस हाईलेवल मीटिंग में शाह ने प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव की रिपोर्ट के आधार पर सभी 230 विधानसभा सीटों के सियासी समीकरण की जानकारी ली। इस दौरान 11 जुलाई को हुई बैठक में दिए गए टास्क का फीडबैक भी लिया।
चुनाव समितियों के लिए नाम तय
सूत्रों ने बताया कि चुनाव समितियों के लिए नाम तय कर लिए गए हैं। प्रदेश स्तरीय चुनाव समित में अध्यक्ष सहित 16 सदस्य होंगे। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा सभी बड़े नेताओं को शामिल किया जाएगा। इन समितियों की घोषणा एक-दो दिन में हो जाएगी।
नए लोगों को मौका दिया जाएगा
अमित शाह ने प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव को हर विधानसभा की रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी हैं। बैठक में इस रिपोर्ट पर चर्चा हुई। सूत्रों का कहना है कि बैठक में ज्यादातर सीटों पर नए चेहरों को मौका देने की वकालत भी की गई है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में 50 नए चेहरों को चुनाव में मौका मिल सकता है। लेकिन नए चेहरों पर दांव लगाने से जो नाराजगी टिकट दावेदारों में देखने को मिलेगी, उनसे किस तरह निपटा जाएगा, उसकी रणनीति पर चर्चा हुई।
विधायकों के मौजूदा परफॉर्मेंस पर चर्चा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने जो सर्वे रिपोर्ट तैयार की है, उसमें कई वरिष्ठ नेताओं की स्थिति अच्छी नहीं बताई गई है। यह माना जा रहा है कि कई ऐसे पुराने मंत्री और विधायक हैं, जिनकी परफॉर्मेंस उनके क्षेत्र में अच्छी नहीं है। ऐसे में बीजेपी उनका चुनाव में टिकट काट सकती है। अमित शाह इस बात पर फोकस कर रहे हैं कि सभी 230 विधानसभा सीटों में बीजेपी के किन नेताओं की क्या स्थिति है। कौन कहां पर सक्रिय नहीं है और किन मौजूदा विधायकों को लेकर उनके क्षेत्र में नाराजगी है।
