केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल को आया सेक्सटॉर्शन कॉल, वीडियो कॉल अटैंड करते ही चलने लगी पोर्न क्लिप

भोपाल. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल को सेक्सटॉर्शन में फंसाने की कोशिश की गई। उनके फोन पर एक वीडियो कॉल आया, जिसे रिसीव करते ही उनके मोबाइल पर पोर्न क्लिप चलने लगी। उन्होंने तुरंत कॉल काटा। इसकी शिकायत दिल्ली क्राइम ब्रांच से की। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में राजस्थान से दो लोगों को पकड़ा है।

कॉल रिसीव करते ही आरोपी ने तुरंत तीन फोटो डाले
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री पिछले दिनों दिल्ली में अपने आवास पर थे। इसी दौरान ये घटना हुई। हालांकि आरोपी ब्लैकमेलिंग के मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने बताया कि कॉल रिसीव करते ही आरोपी ने तुरंत तीन फोटो डाले। मैंने तुरंत फोटोज कॉपी किए और क्राइम ब्रांच को शिकायत कर दी। 24 घंटे में आरोपियों को पुलिस ने ट्रैस कर लिया। उन्होंने अपील की है कि अगर इस तरह के फर्जी कॉल के जाल में कोई फंसता है, तो तत्काल पुलिस की मदद लेनी चाहिए। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाना चाहिए।

दो लोग राजस्थान से गिरफ्तार
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मामले में राजस्थान के भरतपुर से आरोपी मोहम्मद वकील और मोहम्मद साहिब को गिरफ्तार किया हैं। दोनों सेक्सटॉर्शन करने वाली गैंग के सदस्य हैं। बता दें कि भरतपुर का मेवात क्षेत्र सेक्सटॉर्शन के लिए जाना जाता है। आशंका है कि आरोपी यहीं की किसी गैंग के सदस्य हैं। पता चला है कि सेक्सटॉर्शन कॉल के जरिए यह लोग वॉट्सऐप से वीडियो कॉल करते हैं। फिर अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *