स्मार्ट सिटी मिशन के आठवें स्थापना दिवस पर रंग शिल्प कला प्रदर्शनी उद्घाटित
ग्वालियर – स्मार्ट सिटी मिशन के 8वें स्थापना दिवस के अवसर पर शाम सांसद विवेक शेजवलकर ने बैजाताल स्थित रीजनल आर्ट एंड शिल्प डिजायन सेंटर में ग्वालियर स्मार्ट सिटी व रंग शिल्प समिति ग्वालियर के संयुक्त तत्वाधान मे आयोजित कला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी को साधुवाद देते हुए उन्होंने प्रदर्शित कलाकृतियों और कलाकारों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस मौके की अध्यक्षता नगर के साहित्यकार शैवाल सत्यार्थी ने की। ग्वालियर स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नीतू माथुर इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थीं।
क्षेत्रीय सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि कला प्रदर्शनी में कलाकारों ने अपनी श्रेष्ठतम कलाकृतियों को प्रदर्शित किया है। ग्वालियर के स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए ग्वालियर स्मार्ट सिटी व रंग-शिल्प समिति द्वारा जो कला समारोह का आयोजन किया जा रहा है वह सराहनीय है। कलाकारों को प्रोत्साहित और प्रेरित करने का कार्य समाज को करना चाहिए। उदयमान चित्रकार भी अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन कर सकें, इसके लिये समय-समय पर इस तरह के कला समारोह आयोजित होते रहना चाहिए। इस अवसर पर श्री शेजवलकर ने स्मार्ट सिटी मिशन के 8 वर्ष पूरे होने पर सभी को शुभकामनाये दी। अतिथियों ने प्रदर्शनी की कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा कलाकारों से विस्तृत बातचीत द्वारा कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
स्मार्ट सिटी ग्वालियर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नीतू माथुर ने नागरिक कला अभिरुचि वृद्धि की दृष्टि से प्रदर्शनी की अवधि बढ़ाते हुए उसे 2 जुलाई तक कर दिया है। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 से शाम 7 बजे तक खुली रहेगी। साथ ही उन्होंने ग्वालियर की कला प्रेमी जनता से प्रदर्शनी का अवलोकन करने की भी अपील की है। स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती नीतू माथुर ने कहा कि कला समारोह के तहत आयोजित प्रदर्शनी में बहुत ही सराहनीय कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। उन्होने कलाकारो की सराहना करते हुये कहाँ कि क्षेत्रीय आर्ट और शिल्प को बढावा मिल सके उसके लिये स्मार्ट सिटी काँरपोरेशन द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे है।प्रदर्शनी में डॉ बलवंत भदौरिया, डॉ ओमप्रकाश माहौर, सर्व श्री उमेन्द्र वर्मा, अनूप शिवहरे, डॉ सुनीता प्रजापति, डॉ संजय धवले, डॉ मीरा जैन, श्रीमती राजबाला अरोरा, डॉ अर्चना तिवारी, चन्द्रसेन जाधव, श्रीमती इन्दु राव, गिर्राज गुप्ता, सुभाष अरोरा, रंग शिल्प समिति के सचिव धृतिवर्धन गुप्त तथा अध्यक्ष पी के श्रीवास्तव की कलाकृतियां प्रदर्शित हैं।
