दिग्विजय ने दिए चुनाव लड़ने के संकेत, क्या सिंधिया के खिलाफ लड़ेंगे
भोपाल. मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह एक बार फिर चुनाव मैदान में दिख सकते हैं। महाकौशल क्षेत्र के दौरे पर निकले दिग्विजय ने सिवनी में मंगलवार को चुनाव लड़ने का संकेत देकर राजनीति को हवा दे दी है। दिग्विजय सिंह से जब सिंधिया की पारंपरिक सीट गुना से चुनाव लड़ने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सिपाही हैं, पार्टी जहां से भी कहेगी वे आदेश मानेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कटनी और जबलपुर होते मंगलवार को सिवनी पहुंचे थे। यहां दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक आरोप लगाए। दिग्विजय से जब चुनाव लड़ने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे राज्यसभा के सदस्य हैं, मुझे लड़ने की आवश्यकता नहीं है। पार्टी का सिपाही हूं, पार्टी जो आदेश देगी वो करूंगा। जब ज्योतिरादित्या सिंधिया की पारंपरिक गुना सीट से चुनाव मैदान में उतरने का सवाल किया तो दिग्विजय ने कहा कि मेरी सीट राजगढ़ सीट है, गुना सीट नहीं है। पार्टी ने मुझे भोपाल से लड़ने को कहा था जो मेरी सीट नहीं थी। लेकिन, पार्टी का मैं कार्यकर्ता हूं, सिपाही हूं, जो आदेश होगा वो करूंगा।
दिग्विजय सिंहः राजनीतिक करियर
1969 में राघोगढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष पद से राजनीतिक करियर की शुरुआत की।
1970 में विजयाराजे सिंधिया ने जनसंघ में शामिल करने का प्रस्ताव रखा। वे जनसंघ में शामिल हुए, लेकिन कुछ ही दिन बाद कांग्रेस में चले गए।
1971 में वे दोबारा राघोगढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष बने।
1977 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और राघोगढ़ से विधायक चुने गए।
1980 में फिर से राघोगढ़ से विधायक बने और सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।
1984 में दिग्विजय ने राजगढ़ सीट से लोकसभा में कदम रखा।
1985 और 1988 में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने। राजीव गांधी ने तीसरी बार भी इसी पद पर मनोनित किया।
1989 में दिग्विजय भाजपा के प्यारेलाल खंडलवाल से चुनाव हार गए।
1991 में एक बार फिर लोकसभा गए।
1993 में लोकसभा से इस्तीफा देकर दिग्विजय मुख्यमंत्री बन गए।
1998 में भी दिग्विजय सिंह को दोबारा मुख्यमंत्री बनाया गया।
2014 में दिग्विजय सिंह राज्यसभा के सदस्य बने।
2019 में भी दिग्विजय भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़े, लेकिन प्रज्ञा ठाकुर से हार गए।
