थोक महंगाई दर 29 महीने में सबसे कम, ईंधन-बिजली के साथ खाने-पीने की चीजों के दाम गिरे
नई दिल्ली. थोक महंगाई दर मार्च में घटकर 1.34% पर आ गई है। यह 29 महीने का निचला स्तर है। फरवरी 2023 में थोक महंगाई दर 3.85% रही थी। जनवरी 2023 में थोक महंगाई दर 4.73% थी। गेहूं, दालें और फ्यूल जैसी चीजों के सस्ते होने से महंगाई में ये गिरावट आई है। अक्टूबर 2020 में यह 1.31% पर थी। ये लगातार 10वां महीना है जब होल-सेल महंगाई गिरी है। पिछले सोमवार को रिटेल महंगाई के आंकड़े भी जारी किए गए थे। मार्च 2023 में यह घटकर 5.66% पर आ गई है। खाने-पीने के सामान के दामों में गिरावट आने से रिटेल महंगाई घटी थी। कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के बास्केट में लगभग आधी हिस्सेदारी खाद्य पदार्थों की होती है।
खाने-पीने का सामान हुआ सस्ता
मार्च में थोक महंगाई दर में गिरावट खाने-पीने के सामान, टेक्सटाइल्स, मिनरल्स, रबर और प्लास्टिक प्रोडक्ट की कीमतों में गिरावट के चलते आई है। वहीं क्रूड पेट्रोलियम और नेचुरल गैस, पेपर और पेपर प्रोडक्ट्स की कीमतें कम होने से भी महंगाई घटी है।
फरवरी में खाने के सामान की थोक महंगाई दर 2.76% थी, ये मार्च 2.32% पर आ गई।
मार्च में रोजाना जरूरत के सामानों की महंगाई 3.28% से घटकर 2.40% पर आ गई।
ईंधन और बिजली की थोक महंगाई फरवरी के 14.82% से गिरकर 8.96% पर आ गई।
मेन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स की थोक महंगाई भी 1.94% से गिरकर निगेटिव जोन में चली गई।
