शिवराज सिंह BJP के CM उम्मीदवारों की सूची छोड़ने को तैयार नहीं

भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने BJP के संभावित CM उम्मीदवारों पर बयान देकर मध्यप्रदेश की सियासत गरमा दी है। उन्होंने कहा, BJP में 7 लोग CM के लिए सूट सिलवाए घूम रहे हैं। शिवराज सिंह BJP के CM उम्मीदवारों की सूची छोड़ने को तैयार नहीं हैं। भूपेंद्र सिंह, भार्गव जी (गोपाल भार्गव), नरोत्तम मिश्रा, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, वीडी शर्मा तैयारी में हैं कि कब मौका मिल जाए। लेकिन, मौका नहीं मिलेगा। शपथ ग्रहण होगा तो नवंबर – दिसंबर में कमलनाथ जी मुख्यमंत्री होंगे। मध्यप्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की वापसी के लिए दिग्विजय सिंह हारी हुई सीटों पर दौरे कर रहे हैं। आज वह सागर जिले की सुरखी विधानसभा के दौरे पर पहुंचे।

कांग्रेस के लोग BJP में जाकर बिगड़ गए
सागर की सुरखी विधानसभा के दौरे पर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा मध्यप्रदेश में जब-जब भाजपा सरकार में आती है, तो वह व्यवसाय ज्यादा करती है, जनसेवा कम करती है, स्वयंसेवा ज्यादा करती है। अच्छे-खासे कांग्रेस से जो लोग जाते हैं, वे भी बिगड़ जाते हैं। यहां के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत न जाने कितना लेकर भाजपा में गए। वे यहां व्यवसाय कर रहे हैं। जनसेवा नहीं कर रहे। वे कहते भी हैं कि हमको न भाजपा से मतलब है, न कांग्रेस से। उन्हें जिससे मतलब है आप सब जानते हैं। कोई भी काम हो, ठेका हो, उनकी कंपनी करेगी। मूल्यांकन, क्वालिटी कंट्रोल हो नहीं सकता। यहां के सरपंच दुखी हैं, क्योंकि उन्हें कोई काम नहीं मिलता। जिसको वे चाहते हैं, उसके पास डायरेक्ट पैसा पहुंचता है। बता दें, गोविंद सिंह राजपूत 2020 में सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *