भाजपा ग्वालियर में गुटबाजी के चलते कलह बढ़ी इसलिए आज प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में होगी बैठक
ग्वालियर. प्राधिकरणों-समितियों में नियुक्ति के इंतजार में भाजपा में चल रही गुटबाजी के कारण टलती आ रही कोर कमेटी की बैठक होगी। प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट गुरूवार को ग्वालियर आ रहे हैं जिनकी मौजूदगी में मंत्रियों व संगठन पदाधिकारियों के साथ नामों पर सहमति होगी। कोर कमेटी को दरकिनार कर पहले ही वरिष्ठ पार्षदों के कुछ नाम गुपचुप भेज दिए गए थे और बाद में वे निरस्त कर दिए। कुछ समय पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा ने भोपाल में कोर कमेटी की अहमियत भी बताई थी।
भाजपा ग्वालियर में गुटबाजी के चलते गुपचुप नाम भेजे गए और स्थानीय नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। वरिष्ठ पार्षद के लिए 20 नाम प्रस्तावित कर भेजे गए थे। प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में शाम को वीआईपी सर्किट हाउस मुरार में यह बैठक होगी। यह है कोर कमेटी कोर कमेटी में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, उर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद विवेक शेजवलकर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरूण चतुर्वेदी, कमल माखीजानी व तीनों महामंत्री शामिल होते हैं। यह कमेटी जो नाम प्रस्तावित कर भोपाल भेजती है उनपर ही विचार किए जाने का नियम है।
