वंदे भारत ट्रेन पर भाजपा में श्रेय की होड़, सिंधिया-शेजवलकर आमने-सामने
ग्वालियर. मध्यप्रदेश की पहली स्वदेशी तकनीक से बनी सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का स्टॉपेज ग्वालियर को मिल गया है। स्टॉपेज मिलने के साथ-साथ इस ट्रेन का स्टॉपेज दिलाने में श्रेय की होड़ शुरू हो गई है। ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर ने अपने फेसबुक पेज पर रेलमंत्री से मुलाकात कर ट्रेन के स्टॉपेज मिलने के आश्वासन पर खुशी जाहिर कर पोस्ट अपलोड की है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से भी प्रेस रिलीज जारी की गई है। इसमें उनके प्रयास से यह स्टॉपेज मिलने का दावा किया गया है। अब भाजपा में ट्रेन को लेकर मचे घमासान पर कांग्रेस भी मजे ले रही है। लोग ट्रेन के स्टॉपेज मिलने की खुशी भी ठीक से नहीं मना पा रहे हैं।
शेजवलकर और सिंधिया आमने-सामने
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी में यह ट्रेन भोपाल के बाद दिल्ली स्टॉपेज लेकर सीधे दिल्ली पहुंचती। इसका झांसी और ग्वालियर जैसे बड़े स्टेशन पर कोई ठहराव नहीं था। इसका ग्वालियर में काफी विरोध हुआ और चेंबर ऑफ कॉमर्स के व्यापारियों ने ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर से वंदे भारत ट्रेन के स्टॉपेज के लिए मांग की थी। साथ ही केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी पत्र लिखा था। इसके बाद बुधवार को यह सुखद समाचार मिला कि वंदे भारत एक्सप्रेस अब ग्वालियर के साथ झांसी में भी रुकेगी। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने सहमति दे दी है और रेलवे विभाग भी जल्द इस ट्रेन के नए समय सारणी और स्टॉपेज की सूची जारी करने वाला है। पर वंदे भारत ट्रेन के स्टॉपेज के साथ ही भाजपा में इसके श्रेय के लिए होड़ शुरू हो गई है। इस बार ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आमने-सामने हैं।
