ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों से मिले सीएम शिवराज, कर्ज वसूली स्थगित, शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा लोन

विदिशा. मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा है कि ओला पीड़ित किसानों से कर्ज वसूली और बिजली बकाया की वसूली स्थगित की जाती है। इन किसानों के कर्ज का ब्याज सरकार देगी। 50 प्रतिशत से अधिक के नुकसान पर किसानों को प्रति हेक्टेयर अब 32 हजार रुपए की राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल बीमा की राशि अलग से दी जाएगी। उन्होंने उद्यानकी फसलों को भी सर्वे में शामिल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। चौहान ने कहा कि किसान चिंता नही करे, परेशान न हों, चिंता के लिए मैं मुख्यमंत्री हूं और किसान बहन और भाइयो को सभी तरह के संकट से बाहर निकाल कर ले जाऊंगा।

मुख्यमंत्री शिवराज मंगलवार को विदिशा जिले की गुलाबगंज तहसील के पटवारी खेड़ी, घुरदा और मढ़ी गांव में ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद किसानों को ढांढस बंधाते हुए संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान चिंता नही करे, प्रत्येक प्रभावित खेत का सर्वे मानवीय दृष्टिकोण और उदारता से होगा, जिससे किसानों को भरपूर राहत दी जा सके। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में प्रभावित जिलों में सर्वे का कार्य जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी हीला हवाली नही करे और पारदर्शी तरीके से नुकसान का सर्वे करे। उन्होंने कहा कि सर्वे सूची पंचायत भवन पर प्रदर्शित की जाएगी और आपत्ति होने पर उसका भी निराकरण किया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *