15 करोड़ गबन मामले में जेल अधीक्षक हिरासत में

उज्जैन. सेंट्रल जेल में हुए 15 करोड़ के गबन मामले में जेल अधीक्षक उषा राज को पुलिस ने जेल से हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जाएगी। इस दौरान वह पुलिस पर भड़क गईं। बोलीं- मुझे हाथ मत लगाना। मैं कोई कैदी या अपराधी नहीं हूं, जो फरार हो जाऊंगी। जेल अधीक्षक खुद को बेकसूर बताती रहीं। एक दिन पहले यानी शुक्रवार को ही उषा राज को भोपाल जेल मुख्यालय ट्रांसफर किया गया था। इसके बाद शनिवार दोपहर यहां पटाखे फोड़कर जश्न भी मनाया गया।

जेल अधीक्षक से पूछताछ की जा रही
सीएसपी अनिल मौर्य ने बताया कि जेल अधीक्षक से पूछताछ की जा रही है। जेल कर्मियों के खाते से जो राशि निकली है, उसके दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपी रिपुदमन घर से पत्नी समेत फरार है, उसके घर पर भी दबिश दी जा रही है। उज्जैन की केंद्रीय भैरवगढ़ जेल में डीपीएफ में 15 करोड़ के गबन का मामला सामने आया था। तत्कालीन जेल अधीक्षक उषा राज पर गबन का आरोप है। इसी मामले में शुक्रवार रात उषा राज को यहां से हटाकर भोपाल जेल मुख्यालय अटैच कर दिया गया था। रात में ही इसके आदेश भी जारी हो गए थे।

जेल में दूसरे दिन मनाया जश्न
बताया जा रहा है कि उषा राज की जेल में तानाशाही थी। उनके हटने की खबर सुनकर शनिवार दोपहर जेलकर्मियों ने जेल के बाहर आतिशबाजी करते हुए जश्न मनाया गया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई भी दी गई। ढोल भी बजवाए गए। इसी बीच, उषा राज अपनी फाइलें और कुछ सामान लेने के लिए केंद्रीय जेल पहुंचीं।

पुलिस ने जेल से ही हिरासत में लिया
शुक्रवार को उषा राज उज्जैन से इंदौर चली गई थीं। शनिवार सुबह वह दोबारा जेल पहुंची। उन्हें कुछ फाइलें और सामान लेना था। दोपहर होते-होते भैरवगढ़ थाना पुलिस भी पूछताछ के लिए सेंट्रल जेल पहुंच गई। पुलिस ने जेल अधीक्षक से बाहर आने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं आईं। इसके बाद पुलिस ने अंदर जाकर जेल अधीक्षक उषा राज को हिरासत में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *