इंटरनेट मीडिया पर बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्‍नपत्र लीक करने वाला आरोपित गिरफ्तार

भोपाल. मप्र माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध 10वीं व 12 वीं की परीक्षाओं के इंटरनेट मीडिया पर प्रश्न पत्र लीक मामले में शनिवार को भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित मंडीदीप का रहने वाला है। उसके कब्जे से 01 बैंक पासबुक , एक मोबाइल फोन एवं 02 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। आरोपित ने माशिमं का लोगो (मोनो) इस्तेमाल कर टेलीग्राम एप पर समूह बना रखा था और प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने के नाम पर छात्रों के साथ धोखाधड़ी कर रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपित अभी तक लगभग 600 लोगों से अपने खाते में आनलाइन रकम डलवा चुका है। लोगो से पैसे लेने के लिए वह भारतपे के क्यूआर कोड का उपयोग कर रहा था।

छात्रों से भीम एम के माध्यम से पैसो की अवैध बसूली की
एसीपी साइबर क्राइम अमित कुमार ने बताया कि 4 मार्च को माशिमं के परीक्षा नियंत्रक द्वारा लिखित शिकायती आवेदन दिया था। उसमें यह कहा गया था कि कतिपय असामाजिक तत्वों द्वारा माशिमं के लोगो का उपयोग कर टेलीग्राम एप पर फर्जी लिंक तैयार की गई है। उस लिंक के माध्यम से मंडल की परीक्षाओं के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए जाने का दावा करते हुये छात्रों से भीम एम के माध्यम से पैसो की अवैध बसूली की जा रही है। शिकायती आवेदन में आए तथ्यों एवं प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इस मामले में आरोपित कौशिक दुबे पिता श्याम कुमार दुबे निवासी मंडीदीप भोपाल को गिरफ्तार किया गया। वह बीकाम तृतीय वर्ष का छात्र है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

ऐसे करता था वारदात
आरोपित ने टेलीग्राम एप पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के लोगो (मोनो) का उपयोग कर फर्जी ग्रुप बना रखे थे, जिस पर वह लोगो से कक्षा 10 एवं 12 के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे की मांग करता था। पैसे प्राप्त होने के बाद वह प्रश्न पत्र उपलब्ध कराता था। आरोपित द्वारा प्रश्न पत्र अन्य टेलीग्राम ग्रुप एमपी बोर्ड हेल्प से प्राप्त किया जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *