बिना अनुमति बैनर एवं फलेक्स लगाकर विज्ञापन करने पर शोरूम, कोचिंग संस्थान एवं फाइनेंस कंपनी पर लगाया जुर्माना
ग्वालियर नगर निगम ग्वालियर की विज्ञापन शाखा द्वारा बिना अनुमति अवैध रूप से होर्डिंग, बैनर एवं फलेक्स लगाकर विज्ञापन करने वाले शोरूम संचालक, कोचिंग संचालक एवं फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक पर जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
सहायक नोडल अधिकारी विज्ञापन संदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल एवं अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव एवं उपायुक्त सुनील चौहान के निर्देशन में राजस्व वसूली के लिये निरंतर अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। इसी के तहत रॉक्सीपुल स्थित व्ही मार्ट के प्रबंधक को 7,01,500 का जुर्माना 31 जनवरी 2023 को अधिरोपित किया गया था। इनके द्वारा अभी तक जुर्माना जमा नहीं कराया गया। जिसके चलते इन्हें 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित 7 लाख 11 हजार 620 रूपये का अंतिम नोटिस जारी किया गया है।
इसके साथ ही आईआईएफएल (गोल्ड लोन) विनय नगर तिराहा बहोडापुर के प्रबंधक को अवैध रूप से वॉल पेंटिग के माध्य से विज्ञापन करने पर 1 लाख 23 हजार 410 रूपये तथा आईआईएफएल (गोल्ड लोन) नया बाजार के प्रबंधक को बिना अनुमति ई-रिक्सा के माध्यम से विज्ञापन करने पर 22 हजार 500 रूपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है तथा संबंधित को जारी नोटिस में निर्देश दिये गए हैं यहि 07 दिवस के अंदर जुर्माने की राशि जमा नहीं की जाती है। तो 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी वसूल किया जाएगा।
इसके साथ ही खेडपति कॉलोनी सांई बाबा मंदिर रोड प्रदीप सर हिंदी द्वारा भवन के मुख्य भाग पर अवैध रूप से फ्लैक्स लगाकर विज्ञापन करने पर 2 लाख 7 हजार 700 रूपये का जुर्माना लगाया गया था। जिसके संबंध में संबंधित द्वारा निगम को पत्र लिखा गया था, जो कि निगम की राजस्व शाखा द्वारा निरस्त किया गया है तथा संबंधित को तत्काल जुर्माना जमा करने के लिए पत्र जारी किया गया है।

