कर्मचारियों के लिये अच्छी खबर, जल्द होगा लंबित बोनस और वेतन का भुगतान, प्रक्रिया शुरू
भोपाल. Employees Salary Bonus मप्र विद्युत कंपनी में कार्यरत 840 आउटसोर्स कर्मचारियों को जुलाई 2021 से दिसम्बर 2021 तक के 6 महीने के बोनस और दिसम्बर के माह में अंतिम 10 दिन के वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। अब लगभग डेढ़ वर्ष के बाद मप्रविविकं द्वारा ट्रीग कंपनी की धरोहर राशि में से इसका भुगतान करने का फैसला किया गया है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गयी है। मार्च में कभी भी राशि कर्मचारियों को उनके खाते में भेजी जा सकती है।
मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के राजगढ़ जिले के आउटसोर्स कर्मचारियों के लिये राहत भरी खबर है कि जिले के 840 विद्युत आउटसोर्स कर्मचारियों को डेढ़ वर्ष के बाद बोनस और वेतन का भुगतान किया जायेगा। यह भुगतान धरोहर राशि से किया जायेगा। संभावना जताई जा रही है कि मार्च तक जुलाई 2021 से दिसम्बर 2021 तक के वेतन और बोनस का भुगतान कर दिया जायेगा।
यह है पूरा मामला
मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को अनुबंध के माध्यम से कर्मचारी उपलब्ध कराने वाले सेवा प्रदाता कंपनी मेसर्स ट्रीग डिटेक्टिवस प्रायवेट लिमिटेड कंपनी ने जुलाई से दिसम्बर तक जिले में कार्यरत सभी 840 कर्मचारियों को वेतन तो दे दिया। लेकिन बोनस का भुगतान नहीं किया। इस बीच कंपनी और मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के बीच का करार भी रद्द हो गया। जिसके बाद इस कंपनी द्वारा कर्मचारियों को दिसम्बर 2022 में सिर्फ 20 दिन का वेतन दिया जायेगा। ऐसे कर्मचारियों का 6 माह का बोनस और 10 दिन की सैलरी बीच में ही अटक गयी।
प्रक्रिया शुरू
लगभग डेढ़ साल के बाद अब मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा अपने पास सुरक्षित ट्रिग कंपनी की धरोहर राशि में से आउट सोर्स कर्मचारियों के लंबित वेतन और बोनस देने का निर्णय लिया गया है। अनुमान है कि लंबित वेतन के भुगतान में दी जाने वाली यह राशि लगभग 90 लाख रूपये है। जिसके भुगतान के लिये प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इसके लिये कर्मचारियों से घोषणा पत्र मांगा गया है जिसमें लिखा गया है कि इस लंबित वेतन और बोनस लेने के पात्र है और बाद में वह कंपनी से अन्य किसी राशि या नियुक्ति के संबंध में कोई दावा नहीं करेंगे।
