CM श‍िवराज के मंत्रियों को निर्देश- 19 फरवरी को सुबह 9 से रात 9 बजे तक भोपाल में रहें

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों को 19 फरवरी को सुबह नौ से रात नौ बजे तक भोपाल में ही रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री की तरफ से भेजे गए संदेश में यह साफ नहीं है कि मंत्रियों को भोपाल में अचानक 12 घंटे तक रहने के लिए उन्होंने क्यों कहा है। वह भी उस वक्त जब सभी मंत्री विकास यात्रा में जुटे हैं और उनके पहले से कार्यक्रम भी तय हैं।

इस निर्देश से हड़कंप की स्थिति है। मंत्रियों के निज सहायक भी एक-दूसरे से बैठक का विषय पता करने में लगे रहे। उधर, कुछ लोग इसे मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं से भी जोड़कर देख रहे हैं। बता दें कि मंत्रिमंडल में अभी चार पद खाली हैं। उधर, मुख्यमंत्री ने बुधवार को नागपुर में संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। इससे कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं को बल मिलता है। बताया जा रहा है कि मोहन भागवत और शिवराज के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई है।

पूरी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस दिन विकास यात्राओं की समीक्षा भी करेंगे, साथ ही विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। हाल ही में घोषित लाड़ली बहना योजना को पूरे जोर-शोर से प्रारंभ करने की तैयारी है। आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर योजना शुरू करने की तैयारी है। इसकी रूपरेखा पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा 19 फरवरी को ही मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिदिन पौधारोपण के दो वर्ष पूरे हो रहे हैं। वह मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ पौधारोपण भी कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *