चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने कहा फिट रहने के लिए इंजेक्शन लेते हैं भारतीय क्रिकेटर
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेटर खुद को फिट रखने के लिए इंजेक्शन लेते हैं। यह खुलासा टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने किया है। 57 साल के पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा ने खुलासा किया- ‘भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इंजेक्शन लेते हैं और 80% फिट होने पर भी 100% फिट हो जाते हैं। ये पेन किलर नहीं हैं। इन इंजेक्शन में ऐसी दवा होती है जो डोप टेस्ट में नहीं पकड़ी जाती है। शर्मा ने आगे कहा- नकली फिटनेस के लिए इंजेक्शन लेने वाले इन सभी खिलाड़ियों के पास क्रिकेट के बाहर अपने डॉक्टर हैं, जो उन्हें शॉट्स मुहैया कराते हंी ताकि उन्हें महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले पूरी तरह से फिट माना जा सके।
फिट नहीं होने पर भी हरी झंडी देता है NCA
चेतन शर्मा ने आगे कहा – कुछ स्टार खिलाड़ियों को पूरी तरह से फिट नहीं होने पर भी NCA यानी नेशनल क्रिकेट अकादमी से हरी झंडी दे दी जाती है और फिर चयनकर्ताओं को सिलेक्शन पर फाइनल कॉल लेने के लिए कहा जाता है।
जसप्रीत बुमराह की चोट गंभीर
चेतन शर्मा ने कहा- ‘बुमराह को 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जबरदस्ती टीम में शामिल गया था। उनकी चोट इतनी गंभीर थी कि अगर वो ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप का एक भी मैच खेलते, तो वह कम से कम एक साल के लिए बाहर हो जाते।
हार्दिक पंड्या मेरे घर आते-जाते रहते हैं
चेतन शर्मा ने कहा कि रोहित शर्मा मुझसे आधे-आधे घंटे बात करते हैं। जबकि टी-20 टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या मेरे घर आते-जाते रहते हैं।
ब्रेक के नाम पर बड़े खिलाड़ियों को आराम दे रहे हैं
बड़े खिलाड़ियों को ब्रेक के नाम पर बाहर बैठाया जा रहा है। जैसे ही किसी बड़े खिलाड़ी की जगह नए को मौका देना होता है, बड़े खिलाड़ी को आराम दे देते हैं।
