ग्वालियर एयरपोर्ट- एप्रन एरिया का 35 प्रतिशत काम पूरा, नए एप्रन एरिया में विमान आने-जाने के लिए अलग रास्ता

ग्वालियर. राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल का विस्तार का काम तेजी से चल रहा है। पहले चरण का काम पूरा करने का लक्ष्य एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सितंबर 2023 निर्धारित किया है लेकिन एप्रन एरिया के निर्माण का काम अप्रैल तक पूरा हो सकता है। इसका कारण काम की गति का तेज होना ळै। नए एप्रन व टैक्सी वे का निर्माण होने के बाद विमान के आने व जाने का रास्ता अलग-अलग रहेगा। अभी पुराने एप्रन में विमान आने व जाने का एक ही रास्ता है। 30.40 करोड़ रुपए खर्च कर नए एप्रन का निर्माण एनएससी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कर रही है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार अब तक लगभग 35 प्रतिशत काम एप्रन एरिया का पूरा हो चुका है। वहीं यूटीलिटी बिल्डिंग को एयर टर्मिनल से जोड़ने के लिए एक टनल बनाई गई है। इसी टनल के अंदर से सभी यूटिलिटी की लाइन निकाली जा रही है। टनल का काम पूरा करने के कारण एयरपोर्ट अंदर जाने वाले रूट को डायवर्ट कर दिया गया है।

ऐसा होगा राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल
एयर टर्मिनल की कुल जमीन 172.6 एकड़ है जिसमें से 143.2 एकड़ जमीन आलू अनुसंधान केंद्र की लीज पर ली गई है जिस पर एयर टर्मिनल व एप्रन एरिया का निर्माण हो रहा है।
पहले चरण में एयर टर्मिनल बिल्डिंग बनाने में 240 करोड़ रुपए, एप्रन व टैक्सी-वे के निर्माण में 30.40 करोड़ खर्च होंगे।
एयर टर्मिनल बिल्डिंग 20 हजार वर्ग मीटर में बन रही है।
वर्तमान एप्रन एरिया में व्यस्ततम समय में एक एयरबस और दो छोटे विमान पार्क किए जा सकते है। नया एप्रन व टैक्सी-वे बनने के बाद पुराने एप्रन एरिया में 4 व नए में 9 विमान एक साथ पार्क हो सकेंगे। इस तरह एक साथ 13 विमान पार्क हो सकेंगे। पार्किंग क्षमता बढ़ने के बाद नए शहरों के लिए एयर कनेक्टिविटी और बढ़ेगी।
व्यस्ततम समय में एक बार में एयर टर्मिनल बिल्डिंग में 700 यात्रियों का आना व 700 का जाना हो सकेगा। इस तरह 1400 यात्रियों के आने जाने की सुविधा रहेगी।

दूसरे चरण में कार्गों विमानों की होगी लैंडिंग
एयरपोर्ट का विस्तार लगभग 450 करोड़ रुपए खर्च कर किया जाना है। दूसरे चरण का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्वालियर एयरपोर्ट पर कार्गो विमान की लैडिंग हो सकेगी। एयरपोर्ट के निर्माण से उद्योग, शिक्षा व पर्यटन को बढ़वा मिलेगा।

अप्रैल तेक बनकर तैयार हो जाएगा
एप्रन व टैक्सी वे का निर्माण अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। जबकि एयर टर्मिनल बिल्डिंग का काम सितंबर तक पूरा हो जाएंगा।
अर्पित अग्रवाल, प्रभारी निर्देशक, राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *