जितना दानदाता देगा उतना ही धन सरकार अपनी ओर से मिलायेगी-मुख्यमंत्री
ग्वालियर. मुख्यमंत्री के मन मोह लिया दानदाता ने, बोले समाज हित में अगर कोई दान देता है तो उतना ही दान सरकार मिलायेगी। ऐसा ही नियम सरकार बनायेगी। दरअसल, आरोग्यधाम अस्पताल द्वारा जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी बाजपेई सभागार में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह संबोधित कर रहे थे।
इस कैथ लैब के लिये दानदाता मनीष सिंघल ने 2 करोड़ रूपये दान दिये हैं। इसे जाने के बाद सीएम बोले अब ऐसी व्यवस्था लागू होगी जहां ऐसे कार्यो में दान देने पर सरकार भी अब उसी कार्य में उतना ही दान देगी। कैथ लैब के उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मनीष सिंघल के अलावा कार्यक्रम का संचालन मधूसुदन सिंह भदौरिया ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तराणेकर स्मृति सेवा न्यास द्वारा संचालित आरोग्यधाम संस्थान वर्तमान युग में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिये संजीवनी के समान है। उन्होंने कहा हृदय रोग के इलाज के लिये कैथ लैब शुरू कर इस न्यास ने पुण्य का काम किया है। उन्होंने कहा सभी काम केवल सरकार नहीं कर सकती। सरकार व समाज का साझा कर्तव्य है कि आरोग्यधाम जैसे प्रकल्प खड़ा करने में अपना योगदान दें। आरोग्यधाम में कैथ लैब की स्थापना के लिये 2 करोड़ रूपए दान में देकर इस दिशा में सराहनीय कदम बढ़ाया है। सरकार ऐसे कामों में अपना भरपूर योगदान देगी। श्री चौहान ने कहा कि आरोग्यधाम संस्थान समर्पण भाव से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों की सेवा कर रहा है। उन्होंने आरोग्यधाम प्रकल्प खड़ा करने में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े श्री अनिल ओक के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित कर उनके प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि चिकित्सा व शिक्षा के क्षेत्र बड़े व्यापक हैं। निजी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग के बिना सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ मुहैया कराना अत्यंत मुश्किल होता है। निजी क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाएँ अधिक खर्चीली होती हैं। इसलिए जब स्वयंसेवी संस्थाएँ इस दिशा में आगे आती हैं तो आरोग्यधाम जैसी संस्थाएँ बनती हैं, जो कम से कम शुल्क में जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने का काम करती हैं। उन्होंने कहा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर एवं आरोग्यधाम जैसी संस्थाएँ संचालित कर समाज की सेवा की जा रही है। श्री तोमर ने कहा कि मनीष सिंघल जैसे दानदाताओं की मदद से सेवाभावी संस्थायें आगे बढ़ पाती हैं। उन्होंने आरोग्यधाम में कैथ लैब के रूप में नया आयाम जुड़ने की सभी को बधाई दी। साथ ही इस प्रकल्प को खड़ा करने में श्री अनिल जी ओक द्वारा समर्पण भाव से किए गए काम को विशेष रूप से उल्लेख किया।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आरोग्यधाम संस्थान समाज सेवा का उल्लेखनीय उदाहरण है। यह संस्थान नर सेवा से नारायण सेवा की अवधारणा को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस सेवाभाव से पिछले एक दशक से भी अधिक समय से यह संस्थान स्वास्थ्य सेवाएँ दूर-दराज के गाँव तक के लोगों को प्रदान कर रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर में स्वास्थ्य, शिक्षा व अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्वालियर पूरे देश में अग्रणी शहर के रूप में स्थापित हो। श्री सिंधिया ने भी दानदाता मनीष सिंघल व आरोग्यधाम संस्थान की स्थापना में योगदान देने वाले अनिल ओक के समर्पण भाव को सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सेवा प्रमुख प्रदीप खाण्डेकर ने कहा कि समाज के अंदर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएँ उचित शुल्क पर मिलनी चाहिए। आरोग्यधाम द्वारा समर्पण भाव से यह काम किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा सेवाभावी स्वास्थ्य संस्थाओं की मदद के लिये की गई घोषणा की सराहना की।
आरंभ में अतिथियों ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ। संचालन आरोग्यधाम न्यास के सदस्य मधुसूदन सिंह भदौरिया ने किया। अंत में सुरेश गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
आरोग्यधाम ने संत रविदास के दर्शन को जमीन पर उतारने का काम किया है
मुख्यमंत्री ने अपने उदबोधन के आरंभ में संत शिरोमणि रविदास जी को नमन किया। संत रविदास जी के भजन “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ सबको मिलहि अन्न। छोटे-बड़ सब सम रहें रैदास रहें प्रसन्न” सहित उनकी अन्य रचनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि आरोग्यधाम प्रकल्प ने संत रविदास जी के दर्शन को अक्षरश: जमीन पर उतारने का काम किया है।
मुख्यमंत्री बोले मुझे मुख्य अतिथि न कहा जाए
आरोग्यधाम संस्थान के स्थापना दिवस एवं कैथ लैब के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का संचालन कर रहे मधुसूदन भदौरिया से कहा कि मुझे इस आयोजन का अतिथि न कहा जाए। अतिथि वह होता है जिसके आने की किसी को तिथि न पता हो, फिर आरोग्यधाम संस्थान तो मेरा अपना है। इसकी स्थापना से लेकर आज तक मैं इससे जुड़ा हूँ।
आरोग्यधाम पहुँचकर देखी कैथ लैब व वार्डों में पहुँचकर मरीजों से मिले
मुख्यमंत्री आरोग्यधाम चिकित्सालय भी पहुँचे। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री द्वय श्री नरेन्द्र सिंह तोमर व श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर और आरएसएस के मध्य क्षेत्र सेवा प्रमुख श्री प्रदीप खाण्डेकर के साथ भगवान धनवंतरि की पूजा-अर्चना कर कैथ लैब का लोकार्पण किया। साथ ही कैथ लैब का जायजा भी लिया। उन्होंने इस दौरान चिकित्सालय के वार्ड में पहुँचकर मरीजों से चर्चा की और यहाँ की स्वास्थ्य सेवाओं को खुलकर सराहा।

