ग्वालियर पुलिस ने दी अनोखी सजा, जुआ खेलते पकड़े जाने पर लगवाए पौधे

ग्वालियर. घाटीगांव में पुलिस की एक अनोखी सजा गांव के लोगों के लिए वरदान बन गई। यहां पुलिस ने जुआ खेलते हुए पकड़े गए आठ लोगों पर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की, लेकिन उनको जमानत न देते हुए सबक सिखाने और सुधारने की ठान ली। सभी लोगों से पहले गांव के बाहर पीपल के पौधे रोपवाए गए फिर उनके परिजन को वहां बुलाकर शपथ दिलाई गई कि वह कभी भी जुआ नहीं खेलेंगे और न ही कभी ताश के पत्तों को हाथ लगाएंगे। इतना ही नहीं अपने परिवार का ध्यान रखेंगे।

8 लोगों को टीम ने जुआ खेलते हुए पकड़ा
SDOP घाटीगांव संतोष पटेल को आमजन व जन प्रतिनिधियों से सूचना मिली थी कि पाटाई व आरोन थाने के कुछ गांव में युवा दिनभर बैठकर जुआ खेलते हैं, जिससे बच्चों की शिक्षा व परिवार पर बुरा प्रभाव पड़ता है। साथ ही गांव का माहौल भी खराब करते हैं। ग्वालियर एसएसपी अमित सांघी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र वर्धमान के निर्देशन में पुलिया पुरा गांव के रहने वाले 8 लोगों को SDOP घाटीगांव संतोष पटेल व थाना प्रभारी आरोन की टीम ने जुआ खेलते हुए पकड़ा। जिनके कब्जे से ताश के पत्ते व फड़ से कुछ रुपए जप्त किये गए। जिनमें बच्चू बंजारा, ओतम बंजारा, कांशीराम बंजारा, त्रिलोक बंजारा को तो झोंपड़े के बाहर जुआ खेलते हुए पाया गया।

पुलिस का कहना
इस मामले में एसडीओपी घाटीगांव संतोष पटेल का कहना है कि अपराध की सजा ऐसी होनी चाहिए जिससे अपराधी कभी वो जुर्म न करे। गांव के लोगों के सामने जुआ खेलने वालों ने शपथ ली है। उसी आधार पर उनको जमानत दी गई है। गांव के लोगों का मानना है कि इससे बदलाव आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *