तीन उपायुक्त सहित अधिकारी बैठक से गायब, कटेगा वेतन
ग्वालियर. सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक से मंगलवार को निगम के कई अधिकारी गायब रहे। बैठक के दौरान जब विभागवार शिकायतों की समीक्षा हुई, तो इन अधिकारियों के गायब रहने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। बैठक में तीन उपायुक्त सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी गायब थे। समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि प्रकरणों का निराकरण पहले लेवल पर ही करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही विकास यात्राओं के शुरू होने से पहले ही पेयजल, सीवर, विद्युत एवं अन्य जरूरी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें।
गायब रहे उपायुक्त में सतपाल सिंह चौहान, केशव सिंह चौहान, उत्तम जखेनिया शामिल थे। समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि इस माह की 2340 शिकायतें पेंडिंग हैं। इनमें लेवल तीन पर 70 शिकायतें हैं। इस पर निगमायुक्त ने इन शिकायतों का निराकरण कराने के निर्देश दिए और कहा कि हर हाल में शत प्रतिशत शिकायतों का निराकरण करें। विकास यात्रा से पूर्व सीएम हेल्पलाइन की समस्याओं का निराकरण करें तथा यात्रा के दौरान यदि कोई समस्या आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव, मुकुल गुप्ता, अपर आयुक्त वित्त रजनी शुक्ला, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, डा. प्रदीप श्रीवास्तव, मिनी अग्रवाल, डा. अतिबल सिंह यादव, एपीएस भदौरिया, अधीक्षण यंत्री जेपी पारा, कार्यपालन यंत्री जागेश श्रीवास्तव, संजय सिंह सोलंकी, देवी सिंह राठौर आदि मौजूद थे।

