मप्र सरकार के पास 275 दिन, लक्ष्य पाने के लिए 175 दिन, जुट जाओ- CM शिवराज सिंह
भोपाल. सरकार के पास 275 दिन बचे हैं और इनमें से 175 दिन काम करने यानी लक्ष्य हासिल करने के लिए हमारे पास हैं। विजन और मिशन के साथ मंत्री- अधिकारी जुट जाएं। ऐसे काम हो जो प्रदेश की जनता की जिंदगी बदल दें। बड़े प्रोजेक्ट के प्रस्ताव कैबिनेट में लाएं। जी 20 को मप्र की ब्रांडिंग का माध्यम बनाएं। बिना लिएदिए निश्चित समय-सीमा में लोगों को सुविधाओं का लाभ मिले। एक लाख 14 हजार भर्तियां 15 अगस्त तक पूरी हों। जनता का फीडबैक लेने का सिस्टम तैयार करें। मंत्री एवं विभाग के अधिकारी जनता का फीड बैक लें। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल सरकारी कर्मकांड बनकर नहीं रहेगा। इसमें जनता शामिल हो। मैं स्वयं जबलपुर में रहूंगा। गणतंत्र दिवस को अद्भुत और उत्सवी माहौल में मनाया जाए। इसके लिए विभिन्न कार्यों की प्राथमिकता तय कर काम करें।
जी-20 के माध्यम से प्रदेश की बेहतर ब्रांडिंग हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी भारतीय दिवस, ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट और खेलो इंडिया यूथ गेम्स में सबकी महत्वपूर्ण भूमिका रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करें, जिससे अधिकतम लोग निवेश करें। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए प्रदेश में खेलमय वातावरण बने। जी-20 के माध्यम से प्रदेश की बेहतर ब्रांडिंग हो। जीरो डिफेक्ट- मैक्जिमम इफेक्ट वाले आयोजन होने चाहिए। विभाग के मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी इस पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि एक फरवरी से 15 फरवरी तक प्रदेश में विकास यात्रा निकाली जाएगी। गांव-गांव जाकर उपलब्धियों का प्रचार होगा।
सरकार की प्राथमिकता अनुसार रोडमैप
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आधार का बायोमैट्रिक सत्यापन हो। सरकार की प्राथमिकता अनुसार रोडमैप बनाकर पूरी क्षमता के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि हम उन महत्वपूर्ण लोगों में से हैं जो मध्य प्रदेश को बदलकर जनता को सुखी बना सकते हैं, आनंद प्रसन्नता और उत्साह के साथ डटकर कार्य करें।

