न्यू ईयर से पहले किले में पहुंच रहे विदेशी पर्यटक

ग्वालियर. ग्वालियर की ऐतिहासिक नगरी के रूप में अपनी अलग ही पहचान है। यही कारण है कि यहां देशी के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी आते हैं। कोरोना संक्रमण काल ने पर्यटकों की आवाजाही पर विराम लगा दिया था, लेकिन अब फिर से पर्यटक अपनी आमद दर्ज करा रहे हैं। शहर का पर्यटन एक बार फिर से गुलजार हो रहा है, 2020 से यदि इस जाते हुए वर्ष 2022 की तुलना की जाए तो ग्वालियर फोर्ट पर जहां 22,364 वहीं गूजरी महल में 6,496 देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। खास बात यह है कि दिसंबर का महीना अभी बाकी है, ऐसे में पर्यटकों की संख्या में और भी बढ़ौतरी हो सकती है। ऐसे में माना जा रहा है कि नए साल में ग्वालियर आने वाले पर्यटकों का आंकड़ा तेजी से बढ़ सकता है।

ग्वालियर में 40 फीसदी तक बढ़ेगा पर्यटन
राज्य पुरातत्व संग्रहालय के उप संचालक पीसी महोबिया ने बताया कि पिछले दो वर्ष से कोरोना संक्रमण काल के कारण शहर के पर्यटन पर खासा असर देखने को मिला था, नए साल में भी बड़ी संख्या में लोग शहर घूमने के लिए आते हैं। नए साल पर 40 फीसदी तक घूमने आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।

शहर के पर्यटन के लिए सकारात्मक रुख
ग्वालियर में एयर कनेक्टिविटी अच्छी होने के कारण अब टूरिस्ट भी बढऩे लगे हैं। कोरोना काल के बाद इनमें खासी बढ़ोतरी हुई है। उस समय ट्रेन भी नहीं चल रही थीं। कुछ समय पूर्व तक तो शहर में होटल में रूम भी नहीं मिल पा रहे थे। ऐसे में आने वाले साल में पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *