‘पठान’ कंट्रोवर्सी में अब संतों की एंट्री, MP में फिल्म को बैन करने की मांग
भोपाल. शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की आने वाली फिल्म ‘पठान’ कंट्रोवर्सी में अब संतों की एंट्री हुई है। संतों ने मध्यप्रदेश में फिल्म को बैन करने की मांग उठाई है। अखिल भारतीय संत समिति मप्र के प्रवक्ता महंत अनिलानंद उदासीन ने कहा कि आप मूवी में क्या अश्लीलता दिखा रहे हैं, हमें उससे कोई लेना-देना नहीं है। आपत्ति भगवा रंग को लेकर है। अश्लील गाने में भगवा रंग का उपयोग कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। फिल्म बैन करें या फिर गाना हटाएं। वरना संत समाज उग्र आंदोलन करेगा। टॉकीज में आग लगने और तोड़फोड़ की बात भी संतों ने कही। महंत अनिलानंद ने कहा कि फिल्म पठान में हमारे भगवा रंग का अपमान किया गया है। इस रंग को पहनकर अश्लीलता फैलाई गई है। जिस प्रकार का फिल्मांकन भगवा रंग पहनकर किया गया और इस रंग को ‘बेशर्म रंग’ की संज्ञा दी गई है, यह गलत है। बुधवार को साधु-संतों ने इसे लेकर मीटिंग की और चेतावनी दी। इस मौके पर महंत हरिरामदास जी, महंत देव गिरी जी आदि संत मौजूद थे।
एमपी की किसी टॉकीज में रिलीज नहीं होने देंगे
महंत अनिलानंद ने कहा अखिल भारतीय संत समाज यह चेतावनी देता है कि इस फिल्म में से यह गाने को पूर्ण रूप से हटाया जाए। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से यह मांग करते हैं कि इस फिल्म को मध्यप्रदेश में किसी भी टॉकीज में प्रदर्शित नहीं होने दिया जाए। अगर इस प्रकार से हमारे धारण करने वाले गेरुआ भगवा रंग को अपमानित किया जाएगा तो साधु-संतों को सड़कों पर आकर इसका जवाब देना होगा। हम फिल्म के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर, एक्टर को भी चेतावनी देते हैं कि सनातन धर्म को किसी भी प्रकार से जो अपमानित करने का प्रयास करेगा, उसे साधु-संत और सनातन धर्म कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। अखिल भारतीय संत समिति सभी सनातनियों से फिल्म के बहिष्कार का निवेदन करती है।
