तानसेन समारोह -वीणावादन की जुगलबंदी से कल- कल बहते झरनों का आभास करा गए पद्म भूषण पं विश्वमोहन भट्ट व सलिल भट्ट

ग्वालियर. विश्व विख्यात संगीतज्ञ और ग्रेमी पुरस्कार( संगीत का दुनियाँ का सबसे बड़ा एवार्ड) विजेता पद्मभूषण पंडित विश्वमोहन भट्ट और उनके सुयोग्य बेटे सलिल भट्ट की मोहनवीणा-सात्विक वीणा जुगलबंदी से निकली मधुर झंकार ने रसिक श्रोताओं के मन को झंकृत कर दिया। पं विश्वमोहन भट्ट द्वारा स्वनिर्मित राग “विश्व रंजनी” में किए गए वादन में वीणा से निकली सम्मोहनी संगीत की लहरियों में श्रोता मग्न होकर संगीत सरिता में गोते लगाते नज़र आए। प्रांगण में बह रही हल्की-हल्की हवाओं से अठखेलियां कर रही वीणाओं की तानों से कभी कल-कल बह रहे झरने की चंचलता का आभास हुआ तो कभी ऐसा लगा कि बर्फ से लदी हसीन वादियाँ तानसेन के आंगन में सिमट आईं हैं।

पंडित विश्वमोहन भट्ट ने राग शिव रजनी व मधुवंती के मिश्रण से राग ” विश्वरंजनी” ईजाद किया है। पिता-पुत्र की जोड़ी ने इस राग में आलाप, जोड़ झाला को बड़ी खूबसूरती से और दिलकश अंदाज में पेश किया। उन्होंने जोड़ आलाप में नई धुन बजाकर महफ़िल में चार चाँद लगा दिए। उन्होंने अपने वादन में रुद्र वीणा का भी आभास कराया। द्रुत तीन ताल में और तेज रिदम में सुरीली तानें सुनकर रसिक मंत्रमुग्ध हो गए।
ग्रेमी अवार्ड विजेता बनते समय बजाई गईं धुनें भी पण्डित विश्वमोहन भट्ट जी ने अपने वीणा वादन में निकाल कर सुनाईं। साथ ही हिंदुस्तानी व पाश्चात्य की मिश्रित धुनों का रसास्वादन भी रसिकों को कराया। पण्डित जी ने राष्ट्रगीत वन्देमातरम की धुन निकालकर अपने गायन को विराम दिया। वीणा वादन की जुगलबंदी में सलिल भट्ट ने बखूबी ढंग से साबित किया कि किस तरह एक सुयोग्य शिष्य अपने गुरुजन की विशेषताओं को स्वयं के भीतर समेट लेता है। वीणा वादन की जुगलबंदी में तबले पर श्री हिमांशु महंत ने ऐसी ताल मिलाई कि स्वर-तान की सरिता में हर कोई हिलोरे लेने लगा।
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा कला को प्रश्रय देना सराहनीय- पं विश्वमोहन भट्ट
पद्मभूषण विश्वमोहन भट्ट जी के वादन के साक्षी बनने बड़ी संख्या में रसिक श्रोता पहुँचे थे। तानसेन समारोह के विशाल पंडाल में तिल रखने को भी जगह नहीं बची थी। श्रोताओं की इतनी बड़ी संख्या देखकर पंडित जी ने भी अपने उदबोधन में ग्वालियर की कला रसिकता को सराहा। साथ ही कहा मध्यप्रदेश सरकार ने कला एवं संगीत को प्रश्रय देकर सराहनीय काम किया है। इसी का नतीजा है कि तानसेन समारोह की ख्याति अब देश ही नहीं दुनियाँ भर में है। बड़े-बड़े संगीतज्ञ तानसेन समारोह में प्रस्तुति के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हैं। साथ ही देश-दुनियाँ के संगीत रसिक वर्ष भर तानसेन समारोह का इंतजार करते हैं।

पं व्यकटेश कुमार की गायकी के माधुर्य में डूबे रसिक…
सर्द खुशगवार मौसम, बासंती बयारों पर सवार सुरों से सजी शास्त्रीय संगीत की महफ़िल, मूर्धन्य संगीतज्ञ पं व्यंकटेश कुमार की मंत्रमुग्ध करती तानें, हवा में तैरती सुमधुर स्वरलहरियां और आंखें मूंदे मधुर रसपान करते सुधीय श्रोतागण। यहाँ बात हो रही है संगीत शिरोमणि तानसेन की याद में आयोजित हो रहे शास्त्रीय संगीत के सबसे प्रतिष्ठित महोत्सव विश्व संगीत समागम ” तानसेन समारोह” में मंगलवार को सजी सांध्यकालीन सभा की।
समारोह में दक्षिण भारत के विश्व प्रसिद्ध चेन्नकेशव मंदिर के थीम पर बने भव्य एवं आकर्षक मंच पर आसीन होकर दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक के धारवाड़ से पधारे विश्व विख्यात शास्त्रीय गायक पं वेंकटेश कुमार अपनी भावमय एवं सुरीली आवाज में मीठी-मीठी राग रागनियों की सरिता बहा दी। उन्होंने आकर्षक राग ” यमन कल्याण” को अपने गायन के लिए चुना। वेंकटेश जी ने जब अपनी बुलंद आवाज में इस राग और एक ताल में निबद्ध बड़ा ख्याल ” पट तोरे कवन..” गाया तो गुणीय रसिक वाह वाह कहे बिना न रह सके। उन्होंने तीन ताल में पिरोकर छोटा ख्याल ” हरवा मोरा देव..” गाकर रसिक श्रोताओं को घरानेदार गायिकी के सम्मोहन में बांध लिया। उनके गायन में राग यमन कल्याण की सभी विशिष्टताएँ साफ झलक रहीं थीं।
