धूमधाम व भव्यता के साथ मनेगा “ग्वालियर गौरव दिवस”
महाराज बाड़े पर 25 दिसम्बर को विख्यात सरोद वादक अमजद अली खान एवं उनके पुत्रों की होगी प्रस्तुति
हॉलीवुड सिंगर एवं सा रे गा म पा की टीम देगी अपनी प्रस्तुति, “हमारे अटल प्यारे अटल” राष्ट्रीय कवि सम्मेलन भी होगा
ग्वालियर पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस 25 दिसम्बर को धूमधाम एवं भव्यता के साथ “ग्वालियर गौरव दिवस” मनाया जायेगा। 25 दिसम्बर की संध्या को मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में महाराज बाड़े पर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य आयोजन होगा। यहाँ पर विख्यात सरोदवादक अमजद अली खान व उनके पुत्रों की प्रस्तुति, विख्यात हॉलीवुड सिंगर की टीम की प्रस्तुति के साथ ही अटल सम्मान एवं राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन भी होगा । इस दौरान अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। 18 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे से एमएलबी कॉलेज के खेल मैदान पर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 19 दिसम्बर को शाम 5 बजे से महाराज बाड़े के टाउन हॉल पर बाल कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। 20 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे से महाराज बाड़े से फूलबाग मैदान तक अटल मैराथन का आयोजन किया जायेगा।
21 दिसम्बर को बैजाताल पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। 22 दिसम्बर को महिला खेल एकेडमी के मैदान पर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। 23 दिसम्बर को जलविहार में फूड, फ्लॉवर एवं वेजीटेबल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 24 दिसम्बर को आईटीएम यूनिवर्सिटी में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस 25 दिसम्बर को गौरव दिवस के आयोजन की कड़ी में प्रात: 9 बजे अटल गैलरी गोरखी स्कूल में पुष्पांजलि सभा का आयोजन होगा। सायंकाल 3 से 4.30 बजे तक ग्वालियर के विभिन्न क्षेत्रों से अटल उत्साह रैली निकाली जायेगी जो महाराज बाड़े पर एकत्र होगी। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। यहाँ पर विख्यात सरोद वादक अमजदअली खान एवं उनके पुत्रों द्वारा प्रस्तुति दी जायेगी। इस मौके पर विख्यात हॉलीवुड सिंगर एवं सा रे गा म पा की टीम द्वारा भी प्रस्तुति दी जायेगी।
मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथिगणों की उपस्थिति में अटल सम्मान, पुरस्कार वितरण का आयोजन होगा। इस अवसर पर डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से भी ग्वालियर के हैरीटेज विकास एवं संगीत पर जानकारी दी जायेगी। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में “हमारे अटल प्यारे अटल” कवि सम्मेलन एवं अटल सम्मान दिया जायेगा। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में कहा है कि सभी आयोजनों के लिए नोडल अधिकारी एवं प्रशासनिक समन्वय अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी प्रशासनिक अधिकारी और नोडल अधिकारी अपने-अपने आयोजनों को भव्यता एवं गरिमा के साथ आयोजित करें, इसकी सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

