ग्वालियर में जवान के घर में हुआ विस्फोट, फौजी की पत्नी झुलसी, दिल्ली रैफर
ग्वालियर. मुरार छावनी स्थित फाफा कॉलोनी के आर्मी क्वार्टर में संदिग्ध हालात में हुए विस्फोट में एक फौजी की पत्नी बुरी तरह जल गई है। घटना के बाद तत्काल महिला को MH हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। महिला कुछ भी बोलने व देखने की स्थिति में नहीं है। हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रैफर कर दिया गया है। घटना कैसे हुई विस्फोट कैसे हुआ यह पता नहीं है। फौजी ड्यूटी पर था उसे किसी ने फोन कर सूचना दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके घर में किसी इलेक्ट्रोनिक सामान में कुछ लापरवाही पूर्वक कृत्य किया है। जिससे विस्फोट हो गया है। उसमें तुम्हारी पत्नी घायल हो गई है। घटना 3 दिन पहले की है। मंगलवार को जब महिला को दिल्ली रैफर किया गया तो वह मुरार थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। अब पुलिस पड़ताल कर रही है कि हादसा कैसे हुआ।
फोन आया और बताया कि आपके घर में धमाका हुआ है
तेलांगना के करीमनगर स्थित कोंडापालकला गांव निवासी 31 वर्षीय अजय कुमार बोल्लम पुत्र मोगली बोल्लम सेना में बतौर लांस नायक (हवलदार) पदस्थ हैं। अभी उनकी पदस्थापना ग्वालियर की मुरार छावनी में है। रोज की तरह 10 दिसंबर सुबह 7 बजे अजय अपनी ड्यूटी के लिए निकला था। घर पर उसकी पत्नी 28 वर्षीय कविता अकेली थी। करीब 8.15 बजे उसे किसी का फोन आया और उसने बताया कि आपके घर में धमाका हुआ है। कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा किसी इलेक्ट्रोनिक सामान में लापरवाही पूर्वक कोई कृत्य किया है जिसके बाद यह विस्फोट हुआ। इस धमाके में आपकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई है। जिसमें हम एमएच हॉस्पिटल (सेना का अस्पताल) में भर्ती करा रहे हैं। जब अजय एमएच हॉस्पिटल पहुंचा तो उसकी पत्नी काफी जली हुई अवस्था में थी। वह कुछ बोल नहीं पा रही थी।
पत्नी की हालत बिगड़ी दिल्ली रैफर
फौजी अजय कुमार की पत्नी कविता की हालत घटना वाले दिन से नाजुक थी। सोमवार रात को उसे दिल्ली रैफर कर दिया गया है। मंगलवार को पत्नी को दिल्ली ले जाने से पहले फौजी ने मुरार थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया है। अब पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के लिए यह अनोखा मामला है।

