सूबेदार सोनम पाराशर ने दी नई जिंदगी हार्ट अटैक से बचाया, सीपीआर देने से लौटी सांस तो अस्पताल भिजवाया
ग्वालियर. एक पुलिसकर्मी ने मानवता की मिसाल पेश की है। दरअसल राह चलते एक व्यक्ति को हार्ट अटैक आ गया। उस बीच एक चौराहे पर अपनी ड्यूटी निभा रही लेडी सब इंस्पेक्टर सोनम पाराशर ने उसकी जान बचायी। उसने न केवल एक डॉक्टर की तरह मरीज को सीपीआर यानी कार्डियो पल्मोनरी रेसुसियेशन दिया। बल्कि उसे उपचार के लिये अस्पताल भी पहुंचाया गया। लेडी सब इंस्पेक्टर के अनुसार उन्होंने पुलिस ट्रेनिंग के बीच यह ट्रीटमेंट सीखा था। वहीं मरीज का कहना है कि उन्हें नयी जिन्दगी मिली है। यह वाक्या ग्वालियर के गोला का मंदिर रोड पर सोमवार को हुआ। ग्वालियर यातायात पुलिस में बतौर सूबेदार सोनम पाराशर गोला का मंदिर चौराहा पर ड्यूटी कर रही थी। इसी वक्त चौराहा पर दूसरी ओर 61 वर्षीय एक शख्स चक्कर खा गिर पड़ा था यह देखकर वहां भीड़ इकट्ठी हो गयी। वहां मौजूद एक बच्चे ने सोनम पाराशर को घटना के बारे में बताया।
पहले एक्सीडेंट समझकर एसआई सोनम पाराशर वहां पहुंची। उन्होंने शख्स को जमीन पर बेहोश देखा। वह समझ गयी कि उसे मायनर हार्ट अटैक आया है। सोनम बिना देर किये उस शख्स के सीने पर हाथ रख्उाकर पुश करने लगी। इससे शरीर में ब्लड और ऑक्सीजन का सर्कुलेशन बेहतर होने लगा, इसके बाद डायल 100 की सहायता से उन्हें अस्पतला भिजवाया।
सूबेदार सोनम पाराशर ने बेटे को दी खबर
सूबेदार सोनम पाराशर ने बुजुर्ग का मोबाइल सर्च किया। इसमें एक नम्बर बेटा नाम से सेव था। फोन नम्बर पर कॉल कर घटना के बारे में बताया। कॉल अटेण्ड करने वाले ने बताया कि यह मोबाइल उनके पिता अनिल उपाध्याय निवासी रिवर व्यू कॉलोनी का है। वह बिजली कंपनी से रिटायर्ड हैं। वह स्वयं भी डॉक्टर है। बेटे ने पिता को अपोलो अस्पताल लेकर जाने के लिये कहा। वहां उन्होंने डॉक्टर दोस्त को कॉल कर दिया। कुछ देर में स्वयं भी पहुंच गये। अपोलो हॉस्पिटल में कुछ देर उपचार के बाद वह सामान्य हो गये। शाम को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

पुलिस ट्रेनिंग में जो सीखा, उसी का इस्तेमाल किया
2016 बैच की ट्रैफिक सूबेदार (SI) सोनम पाराशर ने दैनिक भास्कर को बताया कि उन्होंने जियोग्राफी से मास्टर डिग्री की है। पुलिस ट्रेनिंग में सिखाया जाता है कि यदि कोई इस तरह का केस मिले, तो किस तरह उसे सीपीआर देकर जान बचाई जा सकती है। ट्रेनिंग में सीखी तकनीक की मदद से प्राथमिक उपचार दिया। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि मेरी ट्रेनिंग से एक इंसान की जान बच गई।
सूबेदार ने दी नई जिंदगी
अनिल उपाध्याय की हालत अब सामान्य है। अनिल उपाध्याय बिजली कंपनी से रिटायर्ड हैं। बेटा अमित उपाध्याय डॉक्टर है। वह गुड़गांव मेदांता में पदस्थ है। आजकल वह घर पर ही हैं। डॉ. अमित ने दैनिक भास्कर को बताया कि पिता को ट्रैफिक सूबेदार सोनम पाराशर ने ही नई जिंदगी दी है। जिस समय उनको माइनर अटैक आया था, वह कीमती समय होता है। उस समय सूबेदार ने वो किया जो कोई डॉक्टर करता है। उनके इस काम को कभी नहीं भुलाया जा सकता।
