कलेक्टर गाइड लाइन 2023-24 की तैयारी, विकसित हाेते क्षेत्रों में बढ़ सकते हैं जमीन के रेट

ग्वालियर. शहर के जिन क्षेत्रों में डेवलपमेंट, खासकर सड़कें तैयार हुई हैं वहां पर जमीन की कीमतों में कुछ वृद्धि संभव है। नगर निगम ने जिन 110 कॉलोनियों को वैध किया है, यहां भी रेट वृद्धि संभव है। वर्ष 2023-24 की कलेक्टर गाइड लाइन पर सोमवार को उप मूल्यांकन समिति की पहली बैठक कलेक्ट्रेट में हुई। करीब एक घंटा चली इस बैठक की अध्यक्षता लश्कर एसडीएम विनोद सिंह ने की। अगली बैठक 27 दिसंबर को होगी पर इससे पहले सरकारी विभागों से लिखित में रिपोर्ट मांगी गई है।

उप मूल्यांकन समिति की बैठक में 5 उप पंजीयक शामिल
कलेक्ट्रेट में लश्कर क्षेत्र की उप मूल्यांकन समिति की पहली बैठक में पांच उप पंजीयक शामिल हुए। इसमें तय हुआ कि नगर निगम ने जिन 110 अवैध कॉलोनियों को हाल में वैध किया है वहां की सूची लेकर रेट की वास्तविकता की जांच की जाए। एक साल में बने या बनने जा रहे नेशनल और स्टेट हाइवे तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़कों की रिपोर्ट भी संबंधित विभाग से 25 दिसंबर तक ली जाएगी। कृषि भूमि की कीमतों में वृद्धि का आधार नहर रहेगा। इसलिए सिंचाई विभाग से भी रिपोर्ट ली जाएगी उन्होंने हाल में किन-किन क्षेत्रों में सिंचाई के साधन नहर के जरिए मुहैया कराए हैं। इस बैठक की अध्यक्षता उप मूल्यांकन समिति के अध्यक्ष एसडीएम विनोद सिंह ने की।

फोकस संपदा के रिकॉर्ड पर, रिपोर्ट मांगी
पंजीयन मुख्यालय से संपदा की वह रिपोर्ट भी मांगी गई है जिसमें गाइड लाइन से 100 फीसदी या इससे ज्यादा तक में रजिस्ट्रियां हुई हैं। गत वर्ष ऐसी 1500 दस्तावेज की सूची मुख्यालय से मिली थी। यह सूची सोमवार को आना प्रस्तावित थी पर नहीं आ सकी। इसके आने के बाद रेट वृद्धि का सारा फोकस उन्हीं क्षेत्रों पर रहेगा जहां तय रेट से ज्यादा पर रजिस्ट्रियां हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *