चेतकपुरी पर मेट्रो अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की मौत, हंगामा कर स्वजन ने अस्पताल में की तोड़फोड़
ग्वालियर. चेतकपुरी स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद आक्रोशित अटेंडेंटों ने अस्पताल में तोड़फोड़ व स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। जब यह घटना हुई उस वक्त अस्पताल संचालक न्यूरोलाजिस्ट डा.संतोष त्रिपाठी वहां नहीं थे। हंगामे की सूचना झांसी रोड थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
डा.संतोष त्रिपाठी ने बताया कि नाका चंद्रबदनी निवासी 55 वर्षीय भगवानदास राठौर को न्यूरोलाजिकल समस्या के साथ फेफड़ों में संक्रमण था। दोनों ही बीमारियों का पिछले 10 दिन से उपचार चल रहा था। न्यूरोसर्जन से भी परामर्श लिया गया था, लेकिन सर्जरी संभव नहीं थी इसलिए दवाओं के माध्यम से उपचार किया जा रहा था। काफी हद तक स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ था, पर शनिवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। इस दौरान अस्पताल में ट्रेंड स्टाफ व ड्यूटी डाक्टर भी मौजूद थे, जिन्होंने मरीज को बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन माना जा रहा है कि कार्डियक अरेस्ट के कारण उसकी मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही अटेंडेंटों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी और स्टाफ के साथ भी मारपीट की। हंगामे के चलते स्टाफ को खुद को बचाने के लिए छिपना पड़ा, जिससे अन्य मरीजों की जान भी आफत में आ गई, लेकिन सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस मौके पर आई। जिससे मामला शांत हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल की ओर से भी पुलिस को शिकायती आवेदन दिया गया है। मृतक के स्वजनों को आरोप है कि मरीज के इलाज में अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही की है। इस कारण उसकी मौत हुई है। जबकि हमसे इलाज के नाम पर जितना पैसा मांगा गया उतना दिया है।

