गुना में आई बारात के साथ मारपीट, लड़की को थप्पड़ मारने पर हुआ झगड़ा

गुना. शहर के हड्डीमील इलाके में शनिवार रात एक बारात में जमकर बवाल हुआ। स्थानीय निवासियों और बारातियों के बीच जमकर मारपीट हुई। पारदी समाज की लड़की को कथित तौर से थप्पड़ मारने पर पूरा विवाद हुआ। मारपीट में लगभग दस लोग घायल हो गए। मारपीट की घटना वीडियो में भी कैद हो गई।

शिवपुरी जिले से बारात आई थी। हड्डी मील इलाके में कार्यक्रम चल रहा था। रात लगभग 9 बजे बारात मुख्य सड़क पर निकाली जा रही थी। इसी दौरान बारातियों और पारदी समाज के बीच झगड़ा हो गया। बताया जाता है कि पारदी समाज की एक युवती वहां से निकल रही थी। इसी दौरान किसी बाराती ने उसे शराब के नशे में थप्पड़ मार दिया। युवती ने घर जाकर परिवार वालों को बताया तो वे इकट्ठे होकर पहुंच गए। बारातियों और पारदी समाज मे जमकर मारपीट हुई। लाठी, डंडे, फरसे से हमला किया गया। दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी भी हुई।

शिवपुरी के रहने वाले शानू खान ने बताया कि बारात में सभी लोग डांस कर रहे थे। अचानक से कुछ लोगों ने हमला कर दिया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में फरसा लगने से गहरी चोट आई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर में 10 टांके आए हैं। बाकी और लोग भी घायल हुए हैं। उन्होंने मोहर सिंह पारदी पर हमला करने का आरोप लगाया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *