MP चुनाव में भाजपा का नया मैदान होगा ‘इंटरनेट मीडिया’
विदिशा. भारतीय जनता पार्टी ने अगले विधानसभा चुनाव में रिकार्ड ब्रेक जीत हासिल करने के लिए इंटरनेट मीडिया को नया मैदान चुन लिया है। अब भाजपा विधानसभा क्षेत्रों के अलावा इंटरनेट मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर भी मतदाताओं को रिझाने का काम करेगी। इंटरनेट मीडिया पर नेताओं की सक्रियता ही विधायक पद की दावेदारी का भी आधार बनेगी।
प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने तो स्पष्ट कर दिया है कि 50 हजार से कम फालोवर वाले नेता तो दावेदारी के लायक भी नहीं होंगे। बदलते दौर में राजनीतिक दलों ने इंटरनेट मीडिया की ताकत को अपना नया हथियार बना लिया है। अभी प्रमुख राजनीतिक दलों के बड़े नेता ही इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय है लेकिन भाजपा ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव को देखते हुए इंटरनेट मीडिया की सक्रियता मतदान केंद्र स्तर तक बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है, इसके लिए पार्टी ने सुघोष अभियान भी शुरू कर दिया है, जिसमें बूथ टोली के सदस्यों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
पार्टी के नेताओं का मानना है कि आज के समय में इंटरनेट मीडिया आम नागरिकों के खानपान से लेकर रहन सहन के तरीकों को प्रभावित करने लगा है। यह नागरिकों की सोच को बदलने का काम करता है, इसलिए पार्टी का नेटवर्क बड़े शहरों से लेकर गांव के मोहल्लों तक होना चाहिए। दिल्ली से पार्टी नेतृत्व का कोई संदेश चले तो कुछ ही मिनटों में वह संदेश हर व्यक्ति तक पहुंच जाना चाहिए। इसी के चलते भाजपा के नेता अब जिले और तहसील के नेताओं को इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय होने का पाठ पढ़ा रहे है।
