DRDE ग्वालियर में राष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत
ग्वालियर रक्षा अनुसंधान तथा विकास स्थापना में 16 से 18 नवंबर के दौरान Chem-bio defence : futuristic tools and technology (रसायन-जैव रक्षा : भविष्योन्मुख उपकरण एवं प्रौद्योगिकी) विषय पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 10 बजे DRDE ग्वालियर के तानसेन मार्ग स्थित परिसर में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह 2 सत्रों में विभाजित था। प्रथम सत्र में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ उपेंद्र कुमार सिंह, महानिदेशक (जैव विज्ञान), लेफ्टिनेंट जनरल डॉ आरएम गुप्ता, DCIDS, लेफ्टिनेंट जनरल डॉ आरके मल्होत्रा, DGQA, DRDE के निदेशक डॉ मनमोहन परीडा का व्याख्यान हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ. अजय गोयल ने प्रदान की एवं पधारे हुए अतिथियों का स्वागत किया।
अपने व्याख्यान में मुख्य अतिथि डॉ उपेंद्र कुमार सिंह, महानिदेशक (जैव विज्ञान) ने वर्तमान परिदृश्य में जैव रक्षा की आवश्यकताओं और भविष्य की चुनौतियों का विवरण देते हुए बताया कि कल महामहिम राष्ट्रपति द्वारा जिसBSL-4 का शिलान्यास किया गया, उससे देश की रक्षा क्षमताओं में जहां अभिवृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर अनके नए उत्पाद विकसित करने की चुनौती भी आएगी। लेफ्टिनेंट जनरल डॉ आरएम. गुप्ता, DCIDS. ने अपने व्याख्यान में रक्षा सेनाओं की आवश्यकता और DRDE जैसे अनुसंधान संस्थान के मध्य तालमेल पर विशेष जोर दिया। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल डॉ.आरके मल्होत्रा, DGQA ने उत्पादों और प्रौद्योगिकियों की गुणवत्ता आवश्यकताओं पर जोर दिया।
उद्धाटन के दूसरे सत्र में DRDE के पूर्व 06 पूर्व निदेशकों का देशभर के अनेक वैज्ञानिक संगठनों में पधारे वैज्ञानिकों, भारतीय उद्योग पार्टनर एवं सशस्त्र सेना के प्रतिनिधि के समक्ष अभिनंदन किया गया। इसके अलावा DRDE द्वारा विकसित दो नए उत्पादों – आईकैड और लो फ्रीज़ डिकंटेमिनेशन सॉल्युशन को मुख्य अतिथि के करकमलों से लांच किया गया। साथ ही साथ DRDE द्वारा विकसित बी.आई.एस. स्टैंडर्ड, जो कि स्वदेश निर्मित परीक्षण स्टैंडर्ड है, जिनके लागू होने से सशस्त्र सेनाओं को गुणवत्तापूर्ण NBC उत्पाद प्राप्त होंगे। यह स्टैडर्ड ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को भी सार्थक करता है। इसी श्रंखला में कुल 11 निजी फर्मों को प्रौद्योगिकी हस्तांतरण भी किया गया। इस अवसर पर निजी उद्यमी और उनके कार्यकारी अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर DRDE ग्वालियर और राष्ट्रीय प्रतिरक्षा विज्ञान संस्थान (NII) दिल्ली के मध्य आपसी समझ के ज्ञापन (MOU पर हस्ताक्षर किए गए। DRDE के निदेशक डॉ. एमएम परीडा एवं एन.आई.आई. के निदेशक डॉ. देवाशीष मोहंती ने आपस में ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर DRDE द्वारा विकसित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगायी गयी।
दोपहर बाद के सत्र में आमंत्रित व्याख्यान एवं शोधपत्र प्रस्तुतियां हुईं जिनमें DRDE ग्वालियर के निदेशक डॉ. मनमोहन परीडा ने ‘भविष्योन्मुख रसायन-जैव रक्षा’ विषय पर एवं NII के निदेशक डॉ. देवाशीष मोहंती एवं IIT दिल्ली से प्रो. हरिप्रसाद ने व्याख्यान दिए। सत्राध्यक्ष की भूमिका डॉ. के. शेखर, डॉ. लोकेन्द्र सिंह, डॉ. आर. विजयराघवन एवं डॉ. डी. वी. काम्बोज ने निभायी। यह कार्यक्रम अगले 02 दिन तक DRDE ग्वालियर के पुराने परिसर में जारी रहेगा, जिसमें वैज्ञानिक एवं तकनीकी विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुति एवं विचार सत्र का आयोजन होगा। इस सम्मेलन की कार्यवाही को दर्ज करके अनुवर्ती कार्यवाही हेतु DRDO मुख्यालय, भारत सरकार को सौंपी जाएगी ताकि भविष्य में रसायन – जैव रक्षा या अन्य संभावित चुनौतियों का सामना प्रभावी रूप से किया जा सके। यह जानकारी इस राष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ अजय कुमार गोयल ने दी।
