शहर में उपकरणों की कमी से ठीक नहीं हो रहीं स्ट्रीट लाइटें, जो चालू वो भी हो रही बंद

ग्वालियर. शहर में एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (इइएसएल) द्वारा लगाई गईं 62 हजार स्ट्रीट लाइटों में 10 हजार से ज्यादा लाइटें बंद पड़ी हुई हैं। तमाम कवायदों के बावजूद नगर निगम पूरी स्ट्रीट लाइटों को चालू नहीं करा पा रहा है, क्योंकि कंपनी द्वारा इन्हें ठीक करने के लिए उपकरणों की सप्लाई किश्तों में कर रही है। लाइटों को ठीक करने के लिए दो तरह के उपकरणों की जरूरत होती है, लेकिन ये भी बराबर संख्या में नहीं आ पा रहे हैं। ऐसे में ये लाइलाज लाइटें रूपसिंह स्टेडियम के पास बने कंपनी के स्टोर में बंद पड़ी हुई हैं। निगम की विद्युत शाखा के अमले ने 300 से अधिक स्ट्रीट लाइटों को सुधारकर वापस लगाया गया था, लेकिन उनमें से भी 200 से अधिक लाइटें फिर से खराब हो गई हैं। उधर पार्षद भी इस समस्या से परेशान हो रहे हैं, क्योंकि एक वार्ड में हर सप्ताह सिर्फ अधिकतम 20 लाइटें ही दुरुस्त की जाती हैं, जो जल्द ही खराब भी हो जाती हैं।

स्मार्ट सिटी द्वारा लगभग 26 करोड़ रुपए की लागत से शहर में 62 हजार स्ट्रीट लाइटें लगाई हैं। इसकी जिम्मेदारी इइएसएल को दी गई थी। इइएसएल ने बजाज कंपनी की ये लाइटें लगाई हैं, जिनमें लगातार ड्राइवर और एसपीडी (सर्ज प्रोटेक्शन डिवाइस) खराब होने की समस्या सामने आ रही है। फिलहाल स्मार्ट सिटी ने 25 करोड़ रुपए नगर निगम को सौंपकर सात सालों तक इन लाइटों के संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी सौंप रखी है और खराब लाइटों को ठीक करने के लिए उपकरण इइएसएल द्वारा ही सप्लाई किए जाने हैं। निगमायुक्त किशोर कान्याल ने इइएसएल को निर्देशित कर रखा है कि उपकरणों की इकट्ठी सप्लाई कर स्टाक तैयार कर लिया जाए, जिससे खराब लाइटों का संधारण तेजी से हो सकेगा। इसके बावजूद कंपनी इकट्ठे उपकरण देने के बजाय टुकड़ों में इनकी सप्लाई कर रही है। इसका नतीजा यह है कि जितनी लाइटें ठीक नहीं हो पा रही हैं, उससे अधिक खराब हो रही हैं। निगम की विद्युत शाखा के अनुसार अभी भी शहर में लगभग 10 हजार लाइटें खराब हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *